बिना एक भी गेंद फेंके हेमिल्टन ODI रद्द, भारत की न्यूजीलैंड पर बढ़त बरकरार
हेमिल्टन में बारिश
IND vs NZ 3rd ODI: हेमिल्टन में खेला जाने वाला तीसरा एकदिवसीय मुकाबला बिना एक गेंद फेंके ही रद्द कर दिया गया है. लगातार बारिश के कारण टॉस के बाद खेल शुरू नहीं हो सका. कई बार अंपायरों ने मैदान का मुआयना किया लेकिन बारिश थमने का नाम नहीं ले रही थी. अंत में मैच को रद्द कर दिया गया. 5 मैचों की सीरीज में भारत ने पहले 2 मुकाबले जीते थे, जबकि मेजबान न्यूजीलैंड के हाथ अभी भी खाली हैं.
इसके पहले बारिश थमने के दौरान भारत ने टॉस जीता था और पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. भारतीय टीम ने कोई भी बदलाव नहीं किया था. हालांकि, टॉस के बाद फिर बारिश तेज हो गई और मैदान से कवर हटाए नहीं जा सके. इस तरह लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मैच को रद्द कर दिया गया. टीम इंडिया ने 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना रखी है.
आखिरी दो मुकाबलों में कप्तानी करेंगे अय्यर
एकदिवसीय सीरीज में शुभमन गिल का ये आखिरी मुकाबला था. अब वे टेस्ट की तैयारियों के मद्देनजर बाकी दो मुकाबलों में नजर नहीं आएंगे. उनकी जगह टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे. सीरीज के आखिरी दो मुकाबले बे ओवल में 13 नवंबर और 15 नवंबर को खेले जाएंगे.
𝗨𝗽𝗱𝗮𝘁𝗲 𝗳𝗿𝗼𝗺 𝗛𝗮𝗺𝗶𝗹𝘁𝗼𝗻: The third New Zealand-India ODI is called off due to rain. #TeamIndia | #NZvIND https://t.co/LtrfDalRcz
— BCCI (@BCCI) November 10, 2026
सीरीज में भारत को 2-0 से बढ़त
बता दें कि ऑकलैंड वनडे में भारत ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराया था. इस मुकाबले में विराट कोहली ने 74 रनों की पारी खेली थी. वहीं दूसरे मुकाबले में DLS के तहत फैसला हुआ था और ये मैच भी भारत ने 4 रनों से अपने नाम कर लिया था. इस मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करने वाले गुरनूर बराड़ को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया था. इस तरह 2 मैचों में हार और एक मैच रद्द होने के बाद मेहमान बेहतर स्थिति में बनी हुई है.



