Vistaar NEWS

टी20 टीम में नजरअंदाज हुए रजत पाटीदार, तूफानी अर्धशतक जड़ चयनकर्ताओं को दिया करारा जवाब

Rajat Patidar

रजत पाटीदार

Rajat Patidar: भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं मिलने के बाद मध्यप्रदेश के स्टार बल्लेबाज रजत पाटीदार ने अपने बल्ले से करारा जवाब दिया है. चयनकर्ताओं द्वारा हाल ही में घोषित टी20 स्क्वाड में नजरअंदाज किए जाने के अगले ही दिन पाटीदार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तूफानी अर्धशतक जड़ दिया है और एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है.

रजत पाटीदार ने जड़ा तूफानी अर्धशतक

दरअसल हाल ही में मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग में ग्वालियर चीता और मालवा स्टैलियन्स के बीच खेले गए मुकाबले में रजत पाटीदार ने धुआंधार बल्लेबाजी की. इस मैच में ग्वालियर चीता के कप्तान पाटीदार ने 30 गेंदों में 65 रन की अर्धशतकीय पारी खेली,जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल थे. इस मैच में उन्होंने 216.67 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.

यह भी पढ़ें: टी20 कप्तानी मिलते ही श्रेयस अय्यर ने दिखाए तेवर, बोले-‘मैं किसी की परछाई…’

कुछ ऐसा रहा मैच का हाल

इस मैच में रजत पाटीदार उस वक्त बल्लेबाजी करने आए जब टीम 3 विकेट के नुकसान पर 41 रन पर खेल रही थी. इसके बाद पाटीदार ने मोर्चा संभाला और अन्य खिलाड़ियों के साथ मिलकर टीम के स्कोर को 190 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी मालवा स्टैलियन्स के बल्लेबाज ग्वालियर के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए और मालवा की पूरी टीम 17.1 ओवर में सिर्फ 139 रनों पर ही सिमट गई. रजत पाटीदार एंड कंपनी ने इस मैच में 51 रनों से जीत दर्ज की.

टीम इंडिया में नहीं मिली जगह

आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के कप्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 से ज्यादा रन बनाए थे. उनकी कप्तानी में आरसीबी ने लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीता है. ऐसे में टीम इंडिया में पाटीदार की वापसी लगभग तय मानी जा रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं मिली है. बीसीसीआई के इस फैसले के बाद अब मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग में उन्होंने धमाकेदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को करारा जवाब दिया है.

Exit mobile version