Ranji Trophy 2026: जम्मू कश्मीर ने पहली बार जीता रणजी ट्रॉफी का खिताब, कर्नाटक को हराकर बनाया नया इतिहास
जम्मू कश्मीर क्रिकेट टीम
Ranji Trophy 2026: जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम ने पारस डोगरा की कप्तानी में पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया है. साल 2025-26 के इस सीजन में टीम पहली बार फाइनल में पहुंची थी, जहां उनका मुकाबला कर्नाटक से हुआ. फाइनल मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ लेकिन पहली पारी में शानदार प्रदर्शन और बढ़त बनाने के आधार पर जम्मू-कश्मीर को विजेता घोषित किया गया. टीम की इस ऐतिहासिक सफलता ने क्रिकेट जगत में सबको हैरान कर दिया है.
67 साल बाद चैंपियन बना जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर ने फाइनल मैच में शानदार खेल दिखाते हुए अपनी पहली पारी में 584 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में कर्नाटक की टीम सिर्फ 293 रन ही बना सकी. पहली पारी के आधार पर 291 रनों की बड़ी बढ़त मिलने के बावजूद जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक को फॉलोआन देने के बजाय खुद बल्लेबाजी की और दूसरी पारी में 4 विकेट खोकर 342 रन बनाए.
अंतिम में दोनों कप्तानों की सहमति से मैच ड्रॉ घोषित कर दिया गया और पहली पारी की बढ़त के नियम से जम्मू-कश्मीर पहली बार चैंपियन बन गया. इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही जम्मू-कश्मीर का रणजी ट्रॉफी जीतने का 67 साल का लंबा इंतज़ार भी खत्म हो गया.
कर्नाटक की तरफ से ये दिग्गज खिलाड़ी खेल रहे थे
कर्नाटक की टीम से फाइनल मैच में कई दिग्गज खिलाड़ी खेल रहे थे, जिन्हें भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने का अनुभव है. इस टीम में केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, करुण नायर, देवदत्त पडिक्कल और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे बड़े नाम शामिल थे. मयंक अग्रवाल ने शानदार खेल दिखाते हुए पहली पारी में 160 रन भी बनाए.
ये भी पढ़ें-T20 World Cup 2026: कब और कहां देखें भारत बनाम वेस्टइंडीज मुकाबले का लाइव? जानिए पूरी डिटेल्स
जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी कितने रन बनाए?
जम्मू-कश्मीर की ओर से फाइनल की पहली पारी में शुभम पुंडीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 121 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 12 चौके और 2 छक्के जड़े. उनके अलावा यावर हसन ने 88, कप्तान पारस डोगरा ने 70 और अब्दुल समद ने 61 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया. गेंदबाजी में आकिब नबी डार ने कमाल करते हुए 5 विकेट झटके. वहीं दूसरी पारी में चैंपियन टीम के लिए कामरान इकबाल ने जबरदस्त 160 रन और साहिल लोत्रा ने 101 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली.