जिम्बाब्वे के खिलाफ शेफाली वर्मा ने काटा गदर, स्मृति मंधाना को पछाड़ बनी नंबर-1
शेफाली वर्मा
Shafali Surpasses Smriti Mandhana: रायपुर में खेले गए दूसरे टी20 मैच में भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हरा दिया है. इस जीत के साथ भारत ने 3 मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से कब्जा कर लिया है.शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय स्टार ओपनर शेफाली वर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है. इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने स्मृति मंधाना को पीछे छोड़ते हुए दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं.
शेफाली वर्मा ने काटा गदर
जिम्बाब्वे द्वारा दिए गए 103 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया के लिए शेफाली वर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी की. भारत की ओर से ओपनिंग करने उतरी शेफाली ने 220 के स्ट्राइक रेट से तूफानी बल्लेबाजी कर 25 गेंदों में 55 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी के दौरान शेफाली ने 6 चौके और 4 छक्के जड़े. शेफाली ने कप्तान मंधाना के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 96 रनों की शानदार साझेदारी की.
2️⃣4️⃣-ball FIFTY 🤯 Shafali Verma goes back for a blistering knock of 5️⃣5️⃣(25) 🔥🔥 Updates ▶️ https://t.co/kECmCQJzty #TeamIndia | #INDvZIM | @mflone_ | @TheShafaliVerma https://t.co/59JPewwc5h
— BCCI Women (@BCCIWomen) October 18, 2026
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड पहुंचते ही छा गए वैभव सूर्यवंशी, एयरपोर्ट पर मिल गई जबरा फैन! देखें वीडियो
ऐसा करने वाली बनी इकलौती बल्लेबाज
शेफाली वर्मा एक साल यानी 2026 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 900 से ज्यादा रन (922 रन) बनाने वाली दुनिया की पहली महिला बल्लेबाज बन गई हैं. वह अब ऐतिहासिक 1000 रनों का आंकड़ा पार करने से महज 78 रन दूर हैं. इस साल ये शेफाली की 9वीं फिफ्टी रही. इसी के साथ उन्होंने एक कैलेंडर ईयर में किसी भी महिला बल्लेबाज द्वारा साँसे ज्यादा 50+ स्कोर का नया रिकॉर्ड बना दिया है. उन्होंने इस मामले में स्मृति मंधाना के 2024 वाले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है, जिसमें उन्होंने 8 अर्धशतक जड़े थे.
एक कैलेंडर ईयर में की सबसे बड़ी साझेदारी
शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मैच में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने 96 रनों की साझेदारी की. साल 2026 में इस सलामी जोड़ी ने 9वीं बार 50+ की पार्टनरशिप की है. इसी के साथ दोनों की जोड़ी ने एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बार पचास रन या उससे अधिक की साझेदारी करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
मुकाबले की बात करें, तो पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 102 रन ही बना सकी. जवाब में भारत ने 8.5 ओवर में ही 1 विकेट खोकर 104 रन बना लिए और 9 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया.