SMAT Elite 2026: पहले मुकाबले में नहीं चला वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, पर कप्तानी में रच दिया इतिहास

Vaibhav Sooryavanshi: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 का आगाज 14 नवंबर से हो गया है. टूर्नामेंट के पहले ही दिन बिहार के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया है.
Vaibhav Sooryavanshi

वैभव सूर्यवंशी

Vaibhav Sooryavanshi: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 का आगाज 14 नवंबर से हो गया है. टूर्नामेंट के पहले ही दिन बिहार के लाल ने मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया है. महज 15 साल ही उम्र में वैभव सूर्यवंशी इस टूर्नामेंट में बिहार की कप्तानी कर रहे हैं. इसी के साथ वह मेंस टी20 क्रिकेट के इतिहास में कप्तानी करने वाले सबसे कम उम्र के कप्तान बन गए हैं. हालांकि, कप्तानी डेब्यू में वैभव बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर सके हैं.

वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास

दरअसल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी बिहार की कप्तानी कर रहे हैं. सौराष्ट्र के खिलाफ बिहार की कप्तानी करने उतरे वैभव ने मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया है. उन्होंने 15 साल 232 दिन की उम्र में पहली बार किसी टी20 टीम की कप्तानी संभाली. अब वह मेंस टी20 क्रिकेट में कप्तानी करने वाले सबसे युवा कप्तान बन गए हैं. सबसे कम उम्र में टी20 टीम की कप्तानी करने के मामले में वैभव ने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने 17 साल और 311 दिन की उम्र में कप्तानी संभाली थी.

पहले मैच में नहीं चला वैभव का बल्ला

अपनी कप्तानी के डेब्यू मैच में वैभव सूर्यवंशी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर सके. सौराष्ट्र के खिलाफ खेले गए पहले ही मुकाबले में वह 12 गेंदों में 2 चौके और 1 छक्के की मदद से महज 18 रन ही बना सके. पारी के पांचवें ओवर में वैभव चेतन सकारिया की गेंद पर अपना कैच थमा बैठे. बताते चले कि वैभव इस पूरे टूर्नामेंट में बिहार टीम की कप्तानी नहीं करेंगे, क्योंकि वह जल्द ही 19 नवंबर से कतर में होने वाले राइजिंग स्टार्स एशिया कप में हिस्सा लेने के लिए इंडिया ए टीम को जॉइन करने के लिए रवाना होंगे.

कुछ ऐसा रहा मैच का हाल

इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सौराष्ट्र ने बिहार को पांच विकेट से हरा दिया है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वैभव सूर्यवंशी की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 137 रन बनाए. जवाब में सौराष्ट्र की टीम ने 17वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम कर लिया.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें