IND vs PAK मैच विवाद पर श्रीलंका ने पाकिस्तान को याद दिलाया ‘एहसान’, PCB को लिखा लेटर
IND vs PAK
IND vs PAK: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत-पाकिस्तान महामुकबले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. अब इस मामले में श्रीलंका की एंट्री हो गई है. श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को औपचारिक पत्र लिखकर 15 फरवरी को प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान मैच बहिष्कार न करने की अपील की है. यह मुकाबला कोलंबो में खेला जाना है और टूर्नामेंट का सबसे हाई-वोल्टेज मैच है.
श्रीलंका ने पीसीबी को लिखा लेटर
दरअसल 1 फरवरी को पाकिस्तान सरकार ने एलान किया था कि उनकी टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगी. हालांकि पीसीबी ने इस मामले पर आईसीसी को लिखित रूप में कोई जानकारी नहीं दी है. अब इस पूरे मामले पर श्रीलंका की एंट्री हो गई है, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाते हुए पीसीबी को धमकी भरे अंदाज में पत्र लिखा है. जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को अपने फैसले पर फिर से सोचने को कहा है.
लेटर में क्या कहा?
श्रीलंका मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पत्र लिखकर भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार करने के फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है. अपने इस पत्र में शम्मी सिल्वा ने लिखा है कि उन्हें कुछ मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच में नहीं खेलेगा.
झेलना पड़ सकता है नुकसान
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष ने अपने इस पत्र मे जानकारी देते हुए बताया कि अगर पाकिस्तान इस मुकाबले का बहिष्कार करता है तो इससे मेजबान देश का भी नुकसान हो सकता है. पत्र में बताया गया कि आगामी मैचों के लिए सभी तैयारियां हो चुकी हैं और टिकट भी बिक चुके हैं. भारत बनाम पाकिस्तान मैच की टिकट की बिक्री जबरदस्त रही अब ऐसे में अगर भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होता है तो इसका खामियाजा श्रीलंका को झेलना पड़ सकता है.
श्रीलंका ने याद दिलाया एहसान
आगे अपने इस लेटर पर श्रीलंका ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर यह मुकाबला रद्द होता है तो इसका बुरा असर पड़ेगा. मेजबान देश को आर्थिक नुकसान हो सकता है. श्रीलंका ने पाक को अपना पुराना एहसान भी याद दिलाया है, उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को वो समय नहीं भूलना चाहिए जब कोई भी देश पाकिस्तान का दौरा करने को तैयार नहीं था. उस चुनौतीपूर्ण समय में श्रीलंका ने पाक का दौरा किया था.