IND vs PAK: पाकिस्तानी प्लेयर्स के साथ हैंडशेक होगा या नहीं? जानिए क्या था कप्तान सूर्यकुमार यादव का जवाब
कप्तान सूर्यकुमार यादव.
IND vs PAK: टी-20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई वोल्टेज मुकाबले का पूरी दुनिया को बेसब्री से इंतजार है. 15 फरवरी को होने वाले मैच से पहले शनिवार को सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान कप्तान सूर्या ने मैच में हैंडशेक से लेकर अभिषेक शर्मा के मैच में खेलने जैसे कई सवालों के जवाब दिए.
‘टीम हर परिस्थिति के लिए तैयार थी’
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर भी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बात की. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम विश्व कप के तय कार्यक्रमों के मुताबिक तैयारी कर रही थी. टीम हर परिस्थिति के लिए पहले से तैयार थी. हम पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच के लिए भी तैयार थे. फ्लाइट्स की टिकट भी बुक हो चुकी थी.
’24 घंटे का इंतजार कीजिए, तब देखेंगे’
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव से पाकिस्तान टीम से हैंडशेक को लेकर सवाल किया गया था. इस पर सूर्य कुमार यादव ने जवाब दिया, ’24 घंटे का इंतजार कीजिए. फिर देखते हैं.’
वहीं इसके पहले पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से भी हैंडशेक विवाद पर सवाल किया गया था. जिसको लेकर आगा ने भी कहा था कि इसका जवाब कल मैदान पर मिलेगा. दरअसल पिछले साल एशिया कप में मैच में सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था. उस समय कप्तान सूर्या ने कहा था कि ये फैसला पहलगाम आतंकियों के हमले में मारे गए लोगों के सम्मान में लिया गया है.
‘पाकिस्तान कप्तान चाहते हैं तो अभिषेक को खिलाएंगे’
पाकिस्तान कप्तान सलमान अली आगा के बयान पर भी सूर्य कुमार यादव ने प्रतिक्रिया दी है. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मुस्कराते हुए कहा, ‘अगर पाकिस्तान कप्तान चाहते हैं कि अभिषेक मैच में खेलें, तो अभिषेक को कल मैच में खिलाएंगे.’
‘भारत के खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा नहीं है’
वहीं पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने विश्वकप में रिकॉर्ड खराब होने की बात को स्वीकार किया. आगा ने कहा, ‘विश्व कप में पाकिस्तान का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा नहीं है. हम इतिहास नहीं बदल सकते हैं. लेकिन इस बार बेहतरीन प्रदर्शन की कोशिश करेंगे.’
ये भी पढे़ं: वैलेंटाइन डे पर प्यार नहीं गोलियां मिलीं, नोएडा में युवक ने प्रेमिका को गोली मारकर खुद को उड़ाया, कार में मिली लाश