तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनी टीम इंडिया, दिल्ली से लेकर दुबई तक जश्न, PM Modi ने दी बधाई

टी-20 विश्वकप में न्यूजीलैंड को मात देकर भारत तीसरी बार विश्व चैंपियन बन गया है. टीम इंडिया की जीत के साथ ही दिल्ली से लेकर दुबई तक जीत का जश्न मनाया जा रहा है.
Team India defeated New Zealand to win the World Cup

टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर विश्वकप जीता.

IND vs NZ: टी-20 विश्वकप में न्यूजीलैंड को मात देकर भारत तीसरी बार विश्व चैंपियन बन गया है. भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता लिया है. टीम इंडिया की जीत के साथ ही दिल्ली से लेकर दुबई तक जीत का जश्न मनाया जा रहा है.

भारत ने दिया था 256 रनों का लक्ष्य

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 विश्वकप का फाइनल मैच रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया. न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का फैसला लिया. इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुई टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवरों में कुल 255 रन बनाए. लेकिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 10 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी. वहीं मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए जसप्रीत बुमराह को मैन ऑफ द मैच चुना गया.

बेहतरीन हुई टीम इंडिया की शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहतरीन हुई. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने टीम इंडिया को बेहतरीन शुरुआत देते हुए दोनों ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े. संजू सैमसन ने विश्वकप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर 46 गेंदों में 89 रन बनाए, वहीं अभिषेक शर्मा ने 52 रनों की पारी खेली. भारतीय टीम ने शुरुआती 7.2 ओवर में ही 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया. इसके अलावा भारत की तरफ से ईशान किशान ने 25 गेंदों में 54 रनों की बेहतरीन पारी खेली.

जसप्रीत बुमराह ने लिए सबसे ज्यादा विकेट

जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाज है. फाइनल मैच में उन्होंने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. जसप्रीत बुमराह ने निर्धारित 4 ओवरों में 15 रन देकर चार विकेट लिए. इसके अलावा अक्षरदीप को 3, वहीं हार्दिक पांड्या, वरूण चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा को क्रमश: एक-एक विकेट मिले.

PM मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने भी टीम इंडिया को इस शानदार जीत के लिए बधाई दी है. पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘चैंपियन!आईसीसी मेंस टी-20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई! यह शानदार जीत असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का उदाहरण है. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट साहस का प्रदर्शन किया. इस जीत ने हर भारतीय को गर्व और खुशी से भर दिया है. शाबाश, टीम इंडिया!’

न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही

पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही. तीसरे ही ओवर में 31 रन के स्कोर पर कीवी टीम को पहला झटका लगा. इसके बाद चौथे ओवर में ही जब टीम का स्कोर 32 रन पर था, तभी जसप्रीत बुमराह ने रचिन रविंद्र(01) पवेलियन की राह दिखा दी. इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. इन झटकों से टीम उबर नहीं पाई और 19 ओवर में 159 रन पर पूरी टीम आउट हो गई.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ: विश्व कप में टीम इंडिया ने की छक्कों की बरसात, टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाए

ज़रूर पढ़ें