तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर टीम इंडिया ने रचा इतिहास, फाइनल में कीवियों को 96 रनों से रौंदा
टीम इंडिया
Team India: 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर इतिहास रच दिया है. इस शानदार जीत के साथ भारत ने तीसरी बार आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए, जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रनों पर ही ढेर हो गई.
भारत ने बनाए 255 रन
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए धमाकेदार प्रदर्शन किया और 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने 89 रन की तूफ़ानी पारी खेली और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. उनके अलावा अभिषेक शर्मा ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, जिससे भारत बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा.
𝐂.𝐇.𝐀.𝐌.𝐏.𝐈.𝐎.𝐍.𝐒 🇮🇳#TeamIndia clinch a record 3️⃣rd ICC Men's #T20WorldCup title 🏆
— BCCI (@BCCI) March 8, 2026
Take. A. Bow 🫡#MenInBlue | #Final | #INDvNZ pic.twitter.com/nml1AZY5tK
यह भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन का धमाल, 5 मैच में 321 रन बनाकर बने भारत के नंबर-1 रन मशीन
बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों का कहर
256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. भारतीय गेंदबाजों ने शुरू से ही उनपर दबाव बनाकर रखा और लगातार विकेट झटकते रहे. इस मैच में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए कीवी बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. बुमराह ने खिताबी मुकाबले में 4 ओवर में महज 15 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि स्पिनर अक्षर पटेल ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए कीवी बल्लेबाजों को झकझोर कर रख दिया. अक्षर ने इस मैच में 3 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए. भारतीय गेंदबजों की घातक गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर ही सिमट गई.
बता दें, जसप्रीत बुमराह को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं, संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से नवाजा गया है.
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत-अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रित बुमराह.
न्यूजीलैंड- टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिशेल, जेम्स नीशम, मिशेल सैंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी
यह भी पढ़ें: भारत बनाम न्यूजीलैंड फाइनल मैच से पहले चर्चा में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी, जयपुर से है खास कनेक्शन