टीम इंडिया के इन दो धुरंधरों की चमकी किस्मत, मोहम्मद सिराज की तरह ही बनेंगे DSP
आकाश दीप और मुकेश शर्मा
Team India: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है. बिहार सरकार ने टीम इंडिया के साथ टेस्ट फॉर्मैट में खेल चुके इन दोनों खिलाड़ियों को बिहार पुलिस में सीधे डीएसपी (डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस) पद पर नियुक्त करने का फैसला किया है. दोनों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धियों को देखते हुए यह प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा गया है.
DSP बनेंगे आकाशदीप और मुकेश कुमार
बिहार सरकार ने राज्य के दो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों आकाश दीप और मुकेश कुमार को बड़ा सम्मान देने का फैसला किया है. खेल कोटे के तहत दोनों ही खिलाड़ियों को डीएसपी पद पर नियुक्त करने का फैसला किया गया है. मिली जानकारी के मुताबिक खेल कोटे के तहत नियुक्ति के लिए गठन चयन समिति ने भी इन दोनों खिलाड़ियों के नामों को मंजूरी दे दी है.
यह भी पढ़ें: IPL में होगा बड़ा ट्रेड! ऋषभ पंत की होगी घर वापसी, कुलदीप यादव भी बदलेंगे टीम, रिपोर्ट्स में दावा
टीम इंडिया के लिए किया शानदार प्रदर्शन
आकाशदीप सिंह और मुकेश कुमार दोनों ही खिलाड़ी टीम इंडिया के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं. इन दोनों तेज गेंदबाजों ने घरेलू क्रिकेट से लेकर इंटरनेशनल लेवल तक पनि प्रतिभा का लोहा मनवाया है. दोनों खिलाड़ियों के इंटरनेशनल करियर की बात करें तो 32 वर्षीय मुकेश कुमार ने भारत के लिए अब तक कुल 3 टेस्ट, 6 वनडे और 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 7, वनडे में 5 और टी20I में 20 विकेट झटके हैं. आईपीएल 2026 में मुकेश दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे.
वहीं, 29 वर्षीय आकाश दीप ने टीम इंडिया के लिए अब तक कुल 10 टेस्ट मैच खेले हैं. जिसमें 35.78 के औसत से उन्होंने 28 विकेट झटके हैं. आईपीएल 2026 में वह चोटिल होने के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए थे.
जल्द शादी के बंधन में बंधेंगे आकाश दीप
बता दें, भारतीय स्टार तेज गेंदबाज आकाश दीप सिंह जल्द शादी के बंधन में बंधने वाले हैं. इसी महीने की 24 तारीख को उनकी शादी होने वाली है. आकाशदीप को DSP बनाए जाने की खबर उनकी शादी से ठीक पहले मिली है. ऐसे में उनकी खुशखबरी दोगुनी हो गई है.