SRH ने जिस प्लेयर पर लुटाए थे करोड़ों, अब वही कर रहा बैंक में नौकरी, जानें कौन है ये खिलाड़ी

Siddarth Kaul: भारतीय पूर्व तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और वह अब बैंकिंग सेक्टर में नौकरी कर रहे हैं.
Siddarth Kaul

सिद्धार्थ कौल

Siddarth Kaul: भारतीय क्रिकेट में कई ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जिन्होंने शानदार प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई है, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर वह अपना लंबा करियर नहीं बना सके. ऐसे ही एक खिलाड़ी हैं भारतीय पूर्व तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल, जो कभी आईपीएल में करोड़ों रुपए की रकम हासिल कर चुके हैं. लेकिन अब वह क्रिकेट छोड़कर बैंकिंग सेक्टर में नौकरी कर रहे हैं.

भारतीय टीम के लिए खेल चुके सिद्धार्थ

सिद्धार्थ कौल भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 3 वनडे और 3 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं. वह विराट कोहली की कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे. हालांकि लगातार मौका नहीं मिलने के कारण उन्होंने 2024 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया.

यह भी पढ़ें: IPL के बाद अब इंडियन टीम के लिए खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी, जल्द श्रीलंका में मचाएंगे धमाल

बैंक में कर रहे नौकरी

घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व करने वाले 36 वर्षीय सिद्धार्थ कौल अब चंडीगढ़ स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में कार्यस्त हैं. क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कौल ने अपने करियर की नई पारी बैंकिंग सेक्टर में शुरू की.

सिद्धार्थ कौल IPL करियर

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा मौके न मिलने के बावजूद सिद्धार्थ कौल ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया. आईपीएल 2008 के सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा था, हालांकि इस सीजन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला. इसके बाद करीब चार साल तक वह किसी टीम का हिस्सा नहीं थे.

आईपीएल 2013 के लिए दिल्ली डेयरडेविल्स ने उन्हें 50 लाख रुपए में खरीदा और आईपीएल में उनकी वापसी हुई. इसके बाद साल 2014 के सीजन के लिए दिल्ली ने उन्हें 45 लाख रुपये में रिटेन किया. दिल्ली के लिए लगातार दो सीजन खेलने के बाद सिद्धार्थ सनराइजर्स हैदरबाद के साथ जुड़ गए.

आईपीएल 2018 के लिए हुई नीलामी के लिए सनराइजर्स हैदराबाद ने उनपर 3.80 करोड़ रुपये खर्च किये और उन्हें टीम में बनाए रखा. 2021 तक कौल हैदराबाद का ही हिस्सा रहे. इसके बाद 2022-2023 में वह आरसीबी के ओर से खेलते दिखे. आरसीबी ने 75 लाख में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था. हालांकि 2023 के बाद सिद्धार्थ को आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिला.

सिद्धार्थ कौल के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने आईपीएल में कुल 55 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल 58 विकेट लिए हैं.

ज़रूर पढ़ें