सेमीफाइनल में गरजा जूनियर सहवाग का बल्ला, अंडर 19 एशिया कप में बना दिए 300 से ज्यादा रन
आर्यवीर सहवाग
Aaryavir Sehwag Smashes 303 Runs: टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में अपने बल्ले से धूम मचा दी है. टूर्नामेंट में यूएई के खिलाफ भारत के लिए शानदार शतक जड़ने के बाद अब सेमीफाइनल मुकाबले में भी आर्यवीर का बल्ला जमकर बोला है. अफगानिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में आर्यवीर ने भारत के लिए ओपनिंग करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली और एक बार फिर पिच में जमकर चौके-छक्के जड़े. इसी के साथ आर्यवीर ने टूर्नामेंट में 300 से ज्यादा रन पूरे कर लिए हैं.
सेमीफाइनल में गरजा आर्यवीर सहवाग का बल्ला
अंडर-19 एशिया कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 12 नवंबर को भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला गया. इस मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज की. भारत की ओर से इस मैच में कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी (93) और आर्यवीर सहवाग (51) ने शानदार बल्लेबाजी की. आर्यवीर ने इस मैच में 89.47 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 57 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली. उनकी इस पारी में 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे.
70* vs Nepal 22 vs Pakistan 160 vs UAE 51 vs Afghanistan (Today) With 303 runs, Aaryavir Sehwag is comfortably the leading runscorer in the ongoing U-19 Asia Cup. https://t.co/dl52R6sQlU
— Cricbuzz (@cricbuzz) November 12, 2026
एशिया कप में बनाए 300 से ज्यादा रन
जूनियर सहवाग ने अंडर 19 एशिया कप 2026 में अब तक खेले गए 4 मैचों में 100 की औसत से 303 रन बना लिए हैं. इसमें 1 शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं. साथ ही इस दौरान उनके बल्ले से 29 चौके और 16 छक्के निकले हैं. टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में आर्यवीर ने नेपाल के खिलाफ 70 रनों की नाबाद पारी खेली थी, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे. इसके बाद अगले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ वह सिर्फ 22 रन बनाकर आउट हो गए थे.
तीसरे मुकाबले में आर्यवीर ने जबरदस्त कमबैक करते हुए यूएई के खिलाफ शानदार शतक जड़ा और 168 गेंदों में 160 रनों की पारी खेली, जिसमें 17 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. अब टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले के एक बार फिर उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 रनों की पारी खेलकर 300 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है.
बने नंबर 1 बल्लेबाज
आर्यवीर सहवाग अंडर 19 एशिया कप 2026 में 300 रनों का आंकड़ा पार करने वाले इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं. साथ ही वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी टॉप पर हैं. चार में से तीन पारियों में उनके बल्ले से 50 प्लस स्कोर निकले हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है. अब उनकी नजर फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी खेलने पर होगी.



