टीम इंडिया से बाहर 38 साल के इस गेंदबाज ने रणजी में काटा गदर, डेब्यू पर खोला पंजा
उमेश यादव
Umesh Yadav: टीम इंडिया से लंबे समय से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव ने पंजाब के लिए रणजी ट्रॉफी डेब्यू मैच में तहलका मचा दिया. विदर्भ के साथ करीब 18 साल लंबा नाता तोड़ने के बाद रणजी ट्रॉफी 2026-27 के सीजन में उमेश यादव पंजाब की जर्सी में नजर आए. पंजाब के लिए अपने पहले ही मैच में उन्होंने असम के खिलाफ 5 विकेट झटकर तहलका मचा दिया. न्यू चंडीगढ़ में खेले जा रहे एलीट ग्रुप-बी मुकाबले के दूसरे दिन उमेश ने घातक गेंदबाजी कर असम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.
डेब्यू मैच में ही चमके उमेश यादव
न्यू चंडीगढ़ में खेले जा रहे इस मुकाबले में 38 साल के भारतीय अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव ने पंजाब के लिए असम के खिलाफ डेब्यू किया. इस मैच में उन्होंने 24 ओवर में 70 रन देकर 5 विकेट झटके. इस दौरान उन्होंने 7 मेडन ओवर भी फेंकें. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह उमेश का 16वां पांच विकेट हॉल रहा. मुकाबले में उन्होंने 3 बल्लेबाजों को क्लीन बोल्ड किया. सलामी बल्लेबाज ऋषभ दास 11 गेंदों में खाता भी नहीं खोल पाए. उमेश ने उन्हें बोल्ड कर दिया. इसके बाद दिग्गज पेसर ने राजवीर सिंह को भी पवेलियन भेजा.
38-YEAR-OLD UMESH YADAV 🥹❤️ – He has taken five wicket haul on his debut match for Punjab in Ranji Trophy. https://t.co/UvgHkUAl1V
— Johns. (@CricCrazyJohns) October 13, 2026
यह भी पढ़ें: 36 दिन जेल, मुश्किल से मिली जमानत…अब रणजी में शतक जड़ते ही मैदान पर फूट-फूटकर रोए अभिषेक पोरेल
इन 5 बल्लेबाजों को भेजा पवेलियन
ऋषभ दास और राजवीर सिंह को आउट करने के बाद उमेश यादव ने लोअर ऑर्डर में अमलानज्योति दास, मुख्तार हुसैन और मोहित ठाकुर को एक के बाद पवेलियन भेजा. इस दौरान सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने पांच में से 3 विकेट सीधे स्टंप्स उखाड़कर लिए. यानी उन्होंने 3 बल्लेबाजों को सीधे बोल्ड किया. उमेश यादव लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. साथ ही बढ़ती उम्र के बावजूद उनकी गेंदबाजी की रफ्तार और स्विंग में कोई कमी नहीं आई है.
लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर उमेश यादव
भारतीय तेज गेंदबाज उमेश यादव लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं. उन्होंने जून 2023 में भारत के लिए कोई इंटरनेशनल मैच खेला था. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल के बाद से वह भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं. उमेश यादव ने भारत के लिए 57 टेस्ट, 75 वनडे और 9 टी20 मैच खेले हैं. टेस्ट में उनके नाम 170 विकेट दर्ज हैं. वनडे में उन्होंने 106 और टी20 में 12 विकेट लिए हैं.