IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, बना दिया महारिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी
Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में प्लेइंग 11 में शामिल किया गया. वैभव को चोटिल ईशान किशन की जगह इस मुकाबले में खेलने का मौका मिला. इसी के साथ मैदान पर उतरते ही उन्होंने इतिहास रच दिया है. वह 15 साल और 211 दिन की उम्र में न्यूजीलैंड में इंटरनेशनल मैच खेलने वाले सबसे युवा मेंस खिलाड़ी बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने बांग्लादेश और पाकिस्तान के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है.
बांग्लादेश-पाकिस्तान के खिलाड़ियों को छोड़ा पीछे
वैभव से पहले सबसे कम उम्र में न्यूजीलैंड में इंटरनेशनल मैच खेलने का रिकॉर्ड बांग्लादेश के मोहम्मद शरीफ के नाम था, जिन्होंने 18 दिसंबर 2001 को हैमिल्टन में टेस्ट मैच खेलते हुए 16 साल और 6 दिन की उम्र में न्यूजीलैंड में इंटरनेशनल मैच खेला था. इसके अलावा पाकिस्तान के आकिब जावेद 16 साल और 185 दिन की उम्र में इस लिस्ट में शामिल थे. इस लिस्ट में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का नाम भी शामिल है जिन्होंने 16 साल और 284 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी.
यह भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस को मिला नया हेड कोच, काइरन पोलार्ड ने महेला जयवर्धने की जगह संभाली MI की कमान
ईशान किशन की जगह मिला मौका
क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टी20 मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. टॉस के दौरान अय्यर ने बताया कि ईशान किशन चोटिल होने के कारण इस मैच से बाहर हो गए हैं. ऐसे में उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया है. वैभव इस मैच में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे. हालांकि, इस दौरान वह कुछ खास कमाल नहीं कर सके और महज 4 रन बनाकर आउट हो गए.
दूसरे टी20 में दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव
न्यूजीलैंड: फिन एलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन