कहां है Women’s Asia Cup की ट्रॉफी? बिना ट्रॉफी के ही चैंपियन बना भारत
विमेंस एशिया कप ट्रॉफी
Women’s Asia Cup Trophy: एशियन क्रिकेट काउंसिल के चीफ और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन को एक बार फिर दुनियाभर के सामने शर्मसार होना पड़ा है. इस बार तो उन्हें पहले से ही पता था कि उनका बायकॉट होने वाला है, लेकिन इसके बावजूद नकवी मंच पर अपनी फजीहत कराने पहुंच गए. मामला विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल का है जहां भारत ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की. हालांकि, जीत के बावजूद टीम इंडिया को ट्रॉफी नहीं मिल सकी. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर जब ट्रॉफी भारतीय टीम को नहीं मिली तो गई कहां?
कहां हैं विमेंस एशिया कप की ट्रॉफी?
दरअसल विमेंस एशिया कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष और पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से मना कर दिया. इसके बाद नकवी बिना ट्रॉफी दिए ही वहां से चले गए. हालांकि इस दौरान मैदान पर ट्रॉफी भी नजर नहीं आई. रिपोर्ट्स के मुताबिक एशिया कप 2026 की ट्रॉफी दुबई स्थित एसीसी मुख्यालय में ही रखी हुई है.
यह भी पढ़ें: मोहसिन नकवी का फिर उड़ा मजाक, दुबई स्टेडिम में गूंजे ‘ट्रॉफी चोर’ के नारे, Video
नकवी ने श्रीलंका को दिया रनर-अप का अवॉर्ड
फाइनल के बाद एसीसी चीफ मोहसिन नकवी मंच पर पहुंचे. उन्होंने श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु को रनर-अप अवॉर्ड और चेक सौंपा. वहीं, टीम इंडिया के कड़े रुख के चलते नकवी सिर्फ श्रीलंकाई टीम को ही अवॉर्ड देकर मैदान से बाहर चले गए. इसके बाद विनर टीम को बिना ट्रॉफी दिए ही प्रेजेंटेशन सेरेमनी खत्म कर दी गई.
मेंस एशिया कप की ट्रॉफी लेकर भाग गए थे नकवी
मेंस एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था. मुकाबले के बाद सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम ने एसीसी चीफ और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था. इसके बाद नकवी ट्रॉफी को अपने साथ होटल लेकर चले गए.