T20 World Cup से बांग्लादेश की किसने कराई छुट्टी? जांच में सामने आया ये नाम

Bangladesh Cricket Team: बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाहर रहने को लेकर तीन सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट सामने आ गई है, जिसमे पूर्व अंतरिम सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल को टीम के बाहर होने के पीछे मुख्य जिम्मेदार बताया गया है.
Bangladesh Cricket Team

बांग्लादेश क्रिकेट टीम

Bangladesh Cricket Team: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा न लेने को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. टूर्नामेंट से बांग्लादेश के बाहर होने के मामले में बनाई गई जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट जारी कर दी है. इस रिपोर्ट में बांग्लादेश की सरकारी जांच कमेटी ने पूर्व अंतरिम सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल को टीम के बाहर होने के लिए मुख्य जिम्मेदार बताया गया है. जांच के मुताबिक यह फैसला मूल रूप से आसिफ नजरुल का था.

सामने आई जांच कमेटी की रिपोर्ट

दरअसल बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाहर रहने को लेकर तीन सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट सामने आ गई है. मंगलवार 15 सितंबर को जांच कमेटी ने अपनी 22 पन्नों की रिपोर्ट जारी की. इस रिपोर्ट में कहा गया कि उस वक्त बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के पास स्वतंत्र रणनीतिक नेतृत्व, संकट के समय प्रभावी कूटनीतिक बातचीत और लंबी अवधि की प्लानिंग की कमी थी. इसी के साथ रिपोर्ट में राजनीतिक तनाव, आईसीसी का मैचों का वेन्यू न बदलना और सरकार के हस्तक्षेप को फैसले पर असर डालने वाले कारणों को भी बताया गया है.

यह भी पढ़ें: T20 इंटरनेशनल में बुमराह ने रचा इतिहास, सबसे ज्यादा मेडन ओवर फेंकने वाले बने पहले खिलाड़ी

किसने कराई बांग्लादेश की वर्ल्ड कप से छुट्टी?

क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक जांच कमेटी के सदस्य बैरिस्टर फैसल दस्तगीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मिली जानकारी, मीडिया रिपोर्ट्स और संबंधित लोगों से बातचीत के आधार पर कमेटी इस फैसले पर पहुंची है कि बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप में भारत नहीं जाने के पीछे उस समय के युवा एवं खेल सलाहकार आसिफ नजरुल जिम्मेदार थे. रिपोर्ट में दावा किया गया कि सरकार के सर्वोच्च स्तर या बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों से टीम को वर्ल्ड कप से बाहर करने का औपचारिक फैसला नहीं लिया था. कमेटी ने दावा किया है कि आसिफ नजरुल ने ही बांग्लादेश की टीम को भारत नहीं जाने के निर्देश दिए थे.

खिलाड़ियों ने क्या रखा पक्ष?

इस जांच के दौरान बांग्लादेश के टी20 इंटरनेशनल कप्तान लिटन दास, टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो, कोच मोहम्मद सलाहुद्दीन, बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल और बोर्ड के अन्य अधिकारियों से बातचीत की गई. जांच कमेटी की रिपोर्ट में कप्तानों के बयानों का भी जिक किया गया. बांग्लादेशी कप्तानों के मुताबिक, उनके खिलाड़ी भारत में वर्ल्ड कप खेलने के पक्ष में थे. वहीं, नजमुल हुसैन शांतो ने बताया कि आसिफ नजरुल ने टीम को भारत न भेजने का फैसला अकेले लिया. अपनी इस रिपोर्ट में कमेटी ने साफ तौर पर कहा है कि बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड में हिस्सा लेना चाहिए था.

ज़रूर पढ़ें