कौन हैं शुभदीप घोस? जो बने टीम इंडिया के नए फील्डिंग कोच, गंभीर के साथ पहले भी कर चुके हैं काम
शुभदीप घोष
Subhadeep Ghosh: श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को नया फील्डिंग कोच मिल गया है. बीसीसीआई ने शुभदीप घोस को टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में शामिल किया है. शुभदीप घोस अब भारतीय टीम में फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी निभाएंगे. इससे पहले यह भूमिका टी. दिलीप निभा रहे थे, जिनकी हाल ही में टीम इंडिया से छुट्टी कर दी गई थी.
कौन हैं शुभदीप घोस?
शुभदीप घोस को कभी भी भारत की सीनियर टीम के लिए खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन अब वह बतौर कोच अपना डेब्यू करने के लिए तैयार हैं. 57 वर्षीय शुभदीप भारतीय क्रिकेट का बहुत बड़ा नाम नहीं हैं. हालांकि उनके पास खेलने और कोचिंग में अच्छा अनुभव है. वह डोमेस्टिक क्रिकेट में असम और रेलवे के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल चुके हैं और धीरे-धीरे उन्होंने कोचिंग में अपनी पहचान बनाई.
Subhadeep Ghosh has been confirmed as India's new fielding coach.
— Cricbuzz (@cricbuzz) August 2, 2026
Ghosh represented both Assam and Railways during his playing career and later served as Assam coach.
His first assignment will be India's Test tour of Sri Lanka.#SLvsIND pic.twitter.com/LWwJEggwyI
लंबे समय से भारतीय टीम के साथ हुए शुभदीप
बता दें, शुभदीप लंबे समय से भारतीय टीम के साथ जुड़े हुए हैं. साल 2020 में उन्हें टीम इंडिया के साथ जोड़ा गया था. उन्होंने महिला टीम को कई अहम विदेशी दौरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप के दौरान भी उन्होंने टीम इंडिया की फील्डिंग पर काम किया था.
साल 2023 में हंगझोउ में खेले गए एशियाई खेलों में भी वह भारतीय पुरुष टीम के फील्डिंग कोच रहे, जहां टीम ने गोल्ड मेडल जीता था. इसके अलावा शुभदीप हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर भी टीम के साथ थे.
गौतम गंभीर के साथ पहले भी कर चुके हैं काम
शुभदीप घोस ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमों के साथ भी काम किया है. वह टीम इंडिया के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर के साथ पहले भी काम कर चुके हैं. साल 2014 में गंभीर जब केकेआर के कप्तान थे, तब शुभदीप टीम के सपोर्ट स्टाफ में शामिल थे.
शुभदीप के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने 17 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले थे, जिनकी 25 पारियों में उन्होंने 316 रन बनाए. वहीं, 17 लिस्ट-ए मैचों की 17 पारियों में उनके नाम 307 रन दर्ज हैं.