जहीर खान ने खरीदी 4 बार की चैंपियन टीम, जाफना किंग्स के बने सह-मालिक
जहीर खान
Zaheer Khan: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने बहुत बड़ा इन्वेस्टमेंट किया है. उन्होंने श्रीलंका की लंका प्रीमियर लीग की सबसे सफल टीम जाफना किंग्स में हिस्सेदारी खरीद ली है और अब वह इस फ्रेंचाइजी के सह-मालिक बन गए हैं. बता दें, 4 अगस्त को ऑफिशियल डील होने के बाद टीम का नाम बदलकर ‘एंकर जाफना किंग्स’ कर दिया गया है.
जाफना किंग्स के सह-मालिक बने जहीर खान
दरअसल हाल ही में चार बार की चैंपियन जाफना किंग्स का मालिकाना हक बदल गया था. स्टॉकहोम (स्वीडन) स्थित ग्लोबल स्पोर्ट्स ओनरशिप ग्रुप एंकर स्पोर्ट्स एबी ने इस फ्रेंचाइजी का अधिग्रहण कर लिया है. जिसके बाद टीम का नाम बदलकर ‘एंकर जाफना किंग्स’ कर दिया गया है. एंकर स्पोर्ट्स के मालिक नागेंद्र सिद्दौतम के साथ मिलकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर जहीर खान इस फ्रेंचाइजी के नए सह-मालिक बन गए हैं.
Zaheer Khan joins Jaffna Kings in LPL as a co-owner.
— Cricbuzz (@cricbuzz) August 4, 2026
The franchise has officially been rebranded as ‘Anchor Jaffna Kings’. pic.twitter.com/Uht24sjWXf
यह भी पढ़ें: क्रिकेट इतिहास का सबसे अजीबोगरीब RUN OUT! आखिरी गेंद पर गुस्से में मारी किक, पलट गया पूरा मैच
4 बार बन चुकी है चैंपियन
बता दें, एंकर जाफना किंग्स, लंका प्रीमियर लीग की सबसे सफल टीम है. यह टीम चार बार चैंपियन रह चुकी है. लंका प्रीमियर लीग की शुरुआत साल 2020 में हुई थी, हालांकि 2025 में इस टूर्नामेंट का आयोजन नहीं हुआ था. अब तक खेले गए 5 सीजन में 4 बार जाफना किंग्स ने LPL का खिताब जीता है. एलपीएल के मौजूदा सीजन में जाफना किंग्स अंक तालिका में टॉप-2 पर बनी हुई है. LPL 2026 का फाइनल रविवार 8 अगस्त को खेला जाएगा.
सह-मालिक बनने पर क्या बोले जहीर खान?
लंका प्रीमियर लीग में एंकर जाफना किंग्स के सह-मालिक बनने के बाद भारतीय पूर्व गेंदबाज ने कहा, ‘श्रीलंका हमेशा बेहतरीन और वैराइटी वाले गेंदबाज तैयार करने वाला देश रहा है. श्रीलंका से उनका पुराना जुड़ाव रहा है और वहां खेलने की कई यादें हैं. अब एक सह-मालिक के रूप में श्रीलंका क्रिकेट से जुडने पर वह बहुत उत्सुक हैं. वह एंकर जाफना किंग्स के साथ काम करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.’