Indore News: इंदौर में दुष्कर्म के आरोपी पुलिसकर्मी पर समझौते के लिए पीड़िता पर दबाव बनाने का आरोप लगा है. पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने बातचीत करने लिए बुलाया और फिर केस वापस लेने के लिए धमकाने लगा. इसके बाद पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिसकी वजह से मौके पर ही बेहोश हो गई. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ग्वालटोली पुलिस के मुताबिक, आरोपी रितेश शर्मा पर एक महिला ने गुना में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था. जिसमें आरोपी को अग्रिम जमानत मिल गई थी. अब पीड़िता के आरोपों के बाद फिर से उसके खिलाफ BNS की धारा 74, 75(2), 296(a), 115(2), 351(3) और 123 के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपी शासकीय रेलवे पुलिस (GRP) लाइन में सिपाही के पद पर पदस्थ है.
पीड़िता को पिलाया जहरीला पानी!
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे बातचीत करने के बहाने से बुलाया और दुष्कर्म के केस में राजीनामा करने के बाद दबाव बनाने लगा. जब उसकी बात नहीं मानी, तो मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद पानी में जहर मिलाकर पिलाने की कोशश की. पानी पीते ही तबीयत बिगड़ गई और बेहोश होकर गिर पड़ी. हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया.
ये भी पढ़ेंः मंच से लेकर इमरजेंसी एक्जिट तक…इंदौर पुलिस की 31 शर्तें, राहुल के कार्यक्रम से पहले कांग्रेस की बढ़ेगी टेंशन?
FIR दर्ज होते ही आरोपी फरार
फिलहाल, पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार आरोपी रितेश शर्मा अपना सरकारी क्वार्टर छोड़कर फरार हो गया है. हर एंगल से जांच पड़ताल की जा रही है. इसके साथ ही इस मामले में शामिल लोगों के भूमिका की भी जांच की जा रही है. इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
