Holi Special Trains: होली 2026 पर रेलवे की बड़ी सौगात, चलेंगी 1500 स्पेशल ट्रेनें, जानिए रूट
होली स्पेशल ट्रेन
Holi Special Trains: होली का त्योहार आने में अब एक महीने से भी कम का समय बचा है. इस अवसर पर देशभर में रह रहे लोग अपने गांव-घर जाते हैं, जिसके कारण रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की काफी भारी भीड़ देखने को मिलती है और उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है. यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने इस बार 1,410 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है. इसके अलावा, आवश्यकता पड़ने पर इन ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर 1,500 तक की जा सकती है. रेलवे के अनुसार, ये स्पेशल ट्रेनें मार्च महीने में चलाई जाएंगी. वहीं पिछले साल यानी 2025 में रेलवे ने होली के मौके पर 1,144 स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं, जो इस साल की तुलना में कम थीं.
किस जोन पर कितनी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी?
- बता दें कि रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन सभी ट्रेनों का पूरा प्लान जोन के हिसाब से तैयार किया है.
- रेलवे के अनुसार, सबसे ज्यादा 285 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन ईस्ट सेंट्रल रेलवे द्वारा किया जाएगा.
- वहीं 231 ट्रेनें वेस्टर्न रेलवे और 108 ट्रेनें सेंट्रल रेलवे चलाएगा.
- नॉर्दर्न रेलवे की तरफ से 108 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएगी, जबकि नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे 71 और नॉर्थ सेंट्रल रेलवे 66 ट्रेनों का देखभाल करेगा.
- रेलवे विभाग ने नॉर्थ ईस्टर्न और ईस्ट कोस्ट रेलवे को 62-62 स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्देश दिया है.
- इसके अलावा साउथ वेस्टर्न रेलवे जोन47, वेस्टर्न रेलवे 43 और साउदर्न रेलवे 39 होली स्पेशल ट्रेनें चलाएगा.
- रेलवे विभाग के निर्देशानुसार, साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे 15 ट्रेनें संचालित करेगा, जबकि कोंकण रेलवे 9 और नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे 2 स्पेशल ट्रेनों को देखेगा.
दूर-दराज के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
बता दें कि होली के मौके पर ईस्ट सेंट्रल रेल्वे की तरफ से कुछ ऐसी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो लंबी-दूरी यात्रा तय करेंगी. इन ट्रेनों में सोगरिया-दानापुर-सोगरिया, रानी कमलापति-दानापुर- रानी कमलापति- अगरतला और हापा-नाहरलागुन स्पेशल ट्रेनें शामिल है. रेलवे विभाग के जानकारी के अनुसार, इन ट्रेनों का संचालन फरवरी के आखिरी सप्ताह और मार्च महीने के अलग-अलग तारीखों में किया जाएगा. इन ट्रेनों के चलने से बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत की तरफ जाने वाले लाखों लोगों को सीधा फायदा होगा. वहीं उन्हें बार-बार ट्रेन चेंज करने की जरूरत भी नहीं होगी.
साप्ताहिक ट्रेनों का संचालन बढ़ाया गया
होली के त्योहार पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने कई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के संचालन समय को मार्च के अंत तक बढ़ाने का निर्णय लिया है. इनमें बीकानेर-साईनगर शिरडी, हिसार-खड़की, हिसार-वलसाड, भगत की कोठी-बांद्रा टर्मिनस और अजमेर से चलने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं. इन साप्ताहिक ट्रेनों के संचालन से राजस्थान और पश्चिमी भारत के रूट पर यात्रा सुगम हो सकेगी. ट्रेनों की संख्या बढ़ने से लंबी वेटिंग लिस्ट से राहत मिलेगी और यात्रियों के लिए कंफर्म टिकट पाना आसान होगा.