Market Mood Turns Negative: भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत आज सोमवार को तेजी के साथ हुई, लेकिन अचानक से पूरा बाजार भर-भराकर गिर गया. बाजार खुलने के 13 मिनट के अंदर ही सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान पर आ गए. माना जा रहा है कि इस महीने मार्केट में शानदार रौनक रही है और सेंसेक्स और निफ्टी करीब 12% मजबूत हुए. ऐसे में ऊपरी स्तर पर मुनाफा वसूली से मार्केट नीचे आया. वहीं शुक्रवार को विदेशी निवेशकों ने जमकर खरीदारी की. जानें क्या है मार्केट का हाल?
विदेशी निवेशकों की अगर बात की जाए तो नवंबर महीने में रिकॉर्ड खरीदारी की है. एक ही महीने में 13 अरब डॉलर लगाए हैं. जिसकी वजह से शेयर बाजार में लगातार तेजी देखने को मिली. लेकिन आज सप्ताह के पहले ही दिन मार्केट भर-भराकर गिर गया और निवेशकों को तगड़ा नुकसान झेलने को मिला.
13 मिनट में बदला बाजार का मूड
सोमवार की सुबह 9:15 बजे जब बाजार खुला तो निफ्टी 50 में 0.50% की बढ़त देखने को मिली. वहीं सेंसेक्स भी 0.6% बढ़त के साथ ओपेन हुआ, लेकिन 13 मिनट बाद यानी 9:28 पर ही बाजार का मूड अचानक बदल गया और भर-भराकर सीधे नीचे गिर गया.
डे-हाई के 1400 प्वॉइंट टूटा सेंसेक्स
शेयर बाजार में इतनी तेजी से मार्केट नीचे गिरा कि निवेशकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. देखते ही देखते पूरा बाजार धराशायी हो गया. Sensex डे-हाई से करीब 1400 प्वाइंट्स नीचे चला गया. वहीं निफ्टी भी डे-हाई से करीब 500 प्वॉइंट नीचे रही.
AI से जुड़े शेयरों में बिकवाली भी एक वजह
शेयर बाजार में गिरावट की एक वजह ये भी मानी जा रही है कि ग्लोबल मार्केट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में भारी बिकवाली हुई है. इसका सीधा असर एशियाई बाजारों पर पड़ा है. जिसकी वजह से भारतीय शेयर बाजार अचानक भरभरा गया.
