Private Chat Leak Risk: अगर आप ऑफिस, साइबर कैफे या किसी दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाते हैं तो आपको थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है. आपकी एक छोटी सी गलती आपकी निजी चैट और जरूरी जानकारी दूसरे व्यक्ति तक पहुंचा सकती है. इतना ही नहीं, कोई दूसरा व्यक्ति आपके WhatsApp अकाउंट का गलत इस्तेमाल भी कर सकती है. इसी खतरे को देखते हुए गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने WhatsApp Web यूजर्स के लिए एडवाइजरी जारी की है.
इस एडवाइजरी में बताया गया है कि अगर आप किसी दूसरे के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉग इन करने के बाद लॉग आउट करना भूल जाते हैं तो आपका अकाउंट खतरे में पड़ सकता है. दूसरे व्यक्ति को आपकी प्राइवेट चैट पढ़ने, कॉन्टैक्ट्स देखने और ग्रुप में होने वाली बातचीत की जानकारी मिल सकती है.
I4C ने क्या सलाह दी?
I4C के अनुसार, ऐसे कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाने से बचना चाहिए, जिसका इस्तेमाल कई लोग करते हैं. अगर किसी दूसरे कंप्यूटर पर इसे चलाना जरूरी ही तो कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए.
- जरूरी जानकारी शेयर न करें: WhatsApp Web पर ऑफिस से जुड़ी गोपनीय जानकारी, सरकारी डॉक्युमेंट्स या प्राइवेट जानकारी भेजने से बचें.
- लॉग आउट करना न भूलें: काम पूरा होने के बाद WhatsApp Web से लॉग आउट जरूर करें. केवल ब्राउजर का टैब या विंडो बंद करना काफी नहीं होता.
- Incognito मोड का इस्तेमाल करें: अगर किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाना जरूरी है तो Incognito या Private Browsing मोड का इस्तेमाल करें. हालांकि, ब्राउजर बंद करने से पहले लॉग आउट करना जरूरी है.
- अनजान कंप्यूटर से बचें: साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर या किसी अनजान व्यक्ति के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉग इन करने से बचें.
- फेक मैसेज पर ध्यान दें: अगर आपके अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिन्हें आपने नहीं भेजा है तो इसे हल्के में न लें. यह आपके अकाउंट के गलत इस्तेमाल का संकेत हो सकता है.
ऐसे रखें WhatsApp अकाउंट सेफ
- इसके अलावा अपने कंप्यूटर, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखें.
- किसी अनजान फाइल को डाउनलोड करने या फेक लिंक खोलने से भी बचें.
- थोड़ी सी सावधानी से आप अपनी प्राइवेट चैट और WhatsApp अकाउंट को सेफ रख सकते हैं.
