CEC ज्ञानेश कुमार के घर पर प्रदर्शन करना पड़ा भारी! 20 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज

Gyanesh Kumar Congress protest: आगरा में CEC ज्ञानेश कुमार के घर के बाहर SIR के विरोध में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने FIR दर्ज की है. इसके साथ ही 6 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया है.
up news (13)

प्रदर्शनकार‍ियों ने घर के बाहर लिखे नारे

Agra News: मुख्‍य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. इसके साथ ही तमाम विपक्षी दल उनके इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं. बीते द‍िनों ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. अब उन्‍हें यह प्रदर्शन भारी पड़ता नजर आ रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि 20 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. इसके साथ ही 6 लोगों को अब तक इस मामले में गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस ने प्रदर्शन और कथित तौर पर घर की दीवार व गेट पर स्प्रे पेंट से नारे लिखने के मामले में एक्शन लिया है. यह प्रदर्शन 28 सितंबर को आगरा के विजय नगर इलाके में हुआ था.

किस बात को लेकर हो रहा था प्रदर्शन

कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव आयोग की SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की.  उनके आवास के मुख्य गेट तथा दीवार पर काले स्प्रे से आपत्तिजनक नारे लिखे. पुलिस ने बाद में लिखे गए नारों को साफ कराया.  

छह कांग्रेस नेता जेल भेजे गए

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए कांग्रेस नेताओं में अनिल यादव, मुकेश धनगर, मनोज गौड़, राजेश कुमार, राजा गौतम और पंकज चौधरी शामिल हैं. सभी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. मामले में आगरा के हरिपर्वत थाने में सब-इंस्पेक्टर गौरव गुप्ता की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है.  रिपोर्ट में आठ लोगों को नामजद किया गया है.

कांग्रेस ने कार्रवाई पर उठाए सवाल

कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई और लगाई गई धाराओं पर आपत्ति जताई है. पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रदर्शन के मामले में गंभीर धाराएं लगाना उचित नहीं है. कांग्रेस ने इन धाराओं को हटाने की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की बात कही है.

ये भी पढ़ें: एशियन गेम्स में बरस रहा सोना! तीरंदाजों ने गोल्ड पर लगाया निशाना, शूटिंग में नीरू-चेनाई का जलवा

ज़रूर पढ़ें