Kannauj SP Unit Dissolved: यूपी चुनाव में समाजवादी पार्टी कोई भी गलती नहीं करना चाहती है. इसके लिए अभी से ही पूरी तैयारियों पर जुट गई है. इसी बीच कन्नौज में यूपी प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें कुर्सियां खाली रह गईं. अखिलेश यादव को यह बात नागवार गुजरी और उन्होंने पूरी जिला कार्यकारिणी को ही भंग कर दिया. क्योंकि अखिलेश यादव हमेशा से ही भाजपा की रैलियों में खाली कुर्सी को लेकर तंज कसते रहे हैं. अब खुद की पार्टी की बैठक में कुर्सी खाली पाई तो एक्शन ले लिया. इस दौरान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
कन्नौज में हुई पार्टी की बैठक से अब अखिलेश यादव को यह अहसास हो गया है कि उनके कार्यकर्ता सिर्फ उनके लिए ही समर्पित हैं ना कि पार्टी के लिए. कन्नौज की घटना इसका ताजा उदाहरण है. वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि जिलेभर के सभी नेता और पदाधिकारी एकसाथ मंच पर बैठे हैं और सामने की कुर्सियां खाली हैं. हैरानी की बात है कि मंच से भी कम लोग कुर्सियों पर बैठे थे.
कन्नौज में शनिवार को #PDA सम्मेलन था, लेकिन कुर्सियां खाली रहीं। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मौजूद थे। आज रविवार को प्रदेश अध्यक्ष ने जिला कार्यकारिणी, फ्रंटल संगठनों की कार्यकारणी भी भंग की गई। #Kannauj #SamajwadiParty #Poiltics @NBTLucknow https://t.co/JbGTYdDyKk
— Praveen Mohta (@MohtaPraveenn) October 18, 2026
लापरवाही बर्दाश्त नहींः अखिलेश
यूपी चुनाव के लिए अब ज्यादा समय भी नहीं बचा है. ऐसे में अखिलेश यादव कोई भी गलती नहीं करना चाहते हैं. यही वजह है कि अखिलेश यादव कन्नौज की जिला कार्यकारिणी भंग कर प्रदेशभर के लोगों को संदेश दिया है कि अगर किसी प्रकार की लापरवाही की गई तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. फिलहाल, इस एक्शन की खूब चर्चा हो रही है.
ओपी राजभर ने साधा निशाना
अखिलेश यादव के एक्शन के बाद योगी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि अखिलेश जी, उनकी क्या गलती थी? जब आप खुद ही एसी, पीसी और ट्विटर की दुनिया से बाहर नहीं निकलेंगे तो जिला वाले बेचारे क्या करेंगे? जिस कन्नौज की जनता को आपने खानदानी विरासत समझ के ‘खयाली गढ़’ बना रखा था, वहीं पर आपकी हैसियत पता चल गई. कुर्सियां ख़ाली रह गईं.
ये भी पढ़ेंः किसानों, युवाओं और रोजगार… SP का हर जिले का अलग होगा घोषणा पत्र, यूपी चुनाव को लेकर अखिलेश का नया दांव
PDA ने आपको खारिज कर दियाः ओपी राजभर
आपको समझ में आया कि नहीं कि प्रदेश का गैर यादव पिछड़ा और बहुजन समाज आपको पूरी तरह से खारिज कर चुका है. हमारी सलाह मानिए और चुनाव से पहले समूचे प्रदेश की कार्यकारिणी को भंग कर दीजिए. यूपी में आपकी पोल खुल गई है महाराज. सबको पता है कि साइकिल चलाने वाले असली नेता जा चुके हैं, पिता जी और चाचा जी की साइकिल का हैंडिल आप सही से संभाल नहीं पाए.
