Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया. हालांकि अब तक मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. प्रतीक की मौत के बाद यादव परिवार में दुख का माहौल है. इन सब के बीच मौत को लेकर भी कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. प्रतीक के करीबियों का कहना है कि वे डिप्रेशन और नसों की बीमारी से परेशान थे.
शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि प्रतीक पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे. उनका इलाज लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रा था. साथ वालों का दावा है कि वह डिप्रेशन की समस्या से भी जूझ रहे थे. इसके अलावा उनकी नसों से जुड़ी बीमारी का भी इलाज किया जा रहा था.
हालांकि कई लोगों का यह भी कहना है कि प्रतीक पारिवारिक विवाद के कारण खासे परेशान थे. पत्नी अर्पणा से उनके रिश्ते ठीक नहीं थे. उनके रिश्ते को लेकर समय-समय पर कई तरह की खबरें भी सामने आती रही हैं.
प्रतीक यादव का वैवाहिक विवाद
प्रतीक यादव का नाम इसी साल जनवरी में उस वक्त सुर्खियों में आया था, जब उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से पत्नी अपर्णा यादव को लेकर कई विवादित पोस्ट किए गए थे. 19 जनवरी 2026 को किए गए एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था, “I am going to divorce this selfish women as soon as possible..”
इसके अलावा उन्होंने अपनी मानसिक स्थिति को लेकर भी बातें लिखी थीं और कहा था कि वह मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर परेशानियों से जूझ रहे हैं.
इन पोस्ट्स के वायरल होने के बाद अपर्णा यादव के भाई ने कमेंट कर दावा किया था कि प्रतीक यादव का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है. हालांकि, इसके बाद भी अकाउंट से एक और इसी तरह का पोस्ट सामने आया, जिससे विवाद और बढ़ गया था.
वीडियो जारी कर दी थी सफाई
अखिलेश यादव के परिवार पर उठ रहे सवालों के बाद प्रतीक यादव ने 28 जनवरी को एक वीडियो पोस्ट किया था. जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी के साथ गंभीर विवाद हुआ था, जिसकी वजह से उन्होंने वे पोस्ट किए थे.वीडियो में उन्होंने यह भी कहा था कि दोनों ने आपसी बातचीत के बाद विवाद सुलझा लिया है और मामला खत्म हो चुका है. कुल मिलाकर यह है कि विवाद भले ही थम गया था, लेकिन दोनों के बीच कलह खत्म नहीं हुई थी.
