UP News: होनी को कौन टाल सकता है! शादी वाले दिन छोटे भाई की मौत, खुद दूल्हा घायल, सिसकते हुए लिए सात फेरे
अंकित पांडे का परिवार
UP News: कई बार ऐसा होता है कि आप खुशियों की तलाश में रहते हैं लेकिन दर्द और दुख आपका पता खुद खोज लेते है. यूपी के बलिया जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर हर किसी की आंखे नम हो गई. एक तरफ घर में शहनाइयां बज रही थीं और बरात निकलने की तैयारियां जोरों पर थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. यह कहानी भिटिया गांव के रहने वाले अंकित पांडे और बांसडीह की रहने वाली प्रमिला तिवारी की है.
आसान नहीं होता ये समय
बलिया जिले के पकड़ी थाना क्षेत्र के भिटिया गांव में अंकित पांडे की शादी की पूरी तैयारियां हो चुकी थी. शादी वाले दिन शुक्रवार को दूल्हा अंकित पांडे और उनका छोटा भाई सर्वजीत पांडे बाइक पर सवार होकर बाल कटवाने सैलून पर गए थे. लौटते समय एक स्कूल बस ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी. दोनों भाइयों को बलिया जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां पर इलाज के दौरान छोटे भाई सर्वजीत ने दम तोड़ दिया.
दुल्हन के घर हो रहा था बारात का इंतजार
इधर शादी की तैयारियां भी पूरी हो चुकी थी. दुल्हन के घर बारात का इंतजार हो रहा था. लेकिन दूल्हा अस्पताल में अपनी किस्मत पर रो रहा था. एक तरफ छोटे भाई की मौत का मातम था तो दूसरी तरफ दूल्हा अंकित खुद गंभीर रुप से घायल थे. इस गमगीन माहौल के बीच दोनों परिवारों ने तय किया कि शादी की रस्में टाली नहीं जाएंगी. डॉक्टरों से विशेष अनुमति लेकर अंकित को एक गाड़ी में लिटाकर लड़की के घर ले जाया गया.
सिसकते हुए भरी प्रमिला की मांग
अंकित इस स्थिति में नहीं थे कि वह मंडप तक चलकर जा सकें, इसलिए वैदिक मंत्रोचार के बीच, गाड़ी की सीट पर ही लेटे हुए अंकित ने प्रमिला की मांग भरी. इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद हर रो पड़ा. सबका कलेजा फटने को था. अंकित के परिवार के लिए ये पल भुलाना आसान नहीं होगा.
बस चालक पर प्राथमिकी दर्ज
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी स्कूल बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.