Ramesh Yadav BJP Leader Robbery: उत्तर प्रदेश के कानपुर में पिछले दिनों बीजेपी नेता के फॉर्म हाउस पर हुई लूट के बाद हड़कंप मचा हुआ है. इस मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है तो वहीं दूसरी तरफ सीएम योगी भी एक्शन में आ गए हैं. उन्होंने पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है. इसके साथ ही पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल से सीधे जानकारी ली और जल्द से जल्द वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं. दूसरी तरफ थाना प्रभारी प्रदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है.
सीएम योगी के रिपोर्ट मांगने के बाद ही थाना प्रभारी पर एक्शन लिया गया है. बता दें कि पिछले दिनों नेवरी गांव में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के फार्म हाउस पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था.
सोमवार रात दो नकाबपोश बदमाश फार्म हाउस की पिछली दीवार फांदकर अंदर घुसे. उस समय रमेश यादव परिसर में अकेले थे. बदमाशों ने तमंचे और चाकू के बल पर उन्हें काबू में किया. इसके बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप लगाकर लूटपाट शुरू कर दी.
सोना और महंगी घड़ी के साथ कैश ले उड़े बदमाश
आरोप है कि बदमाश रमेश यादव के सोने की ज्वेलरी और महंगी घड़ी ले गए. इसके अलावा बेडरूम में रखी अलमारी से करीब 12 लाख रुपये नकद भी लूट लिए. वारदात के बाद बदमाश उन्हें बाथरूम में बंद करके फरार हो गए. लूटे गए सामान और नकदी को मिलाकर कुल नुकसान करीब 32 लाख रुपये बताया जा रहा है.
आठ पुलिस टीमें जांच में जुटीं
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए आठ टीमें बनाई हैं. अधिकारी आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मोबाइल टावरों से मिले डेटा की भी जांच कर रहे हैं. घटनास्थल के आसपास सक्रिय रहे संदिग्ध मोबाइल नंबरों की पहचान की जा रही है. पुलिस उन लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, जिन्हें फार्म हाउस और वहां की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी हो सकती है.
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है. हालांकि, अभी तक बदमाशों की गिरफ्तारी और लूट के सामान की बरामदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में पुलिस इस लूट के आरोपियों को पकड़ पाती है या फिर नहीं.
ये भी पढ़ें: धर्म परिवर्तन कर बदली जाति तो नहीं मिलेगा आरक्षण? सुप्रीम कोर्ट ने सरकारी आदेश किया खारिज
