Vistaar NEWS

‘मेरा सब कुछ चला गया…’, पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में 4 बच्चों को गंवाने वाले पिता DSP के गले लगकर खूब रोए

DSP Consoles Grieving Father

पटाखा फैक्ट्री में जान गंवाने वाले 4 बच्चों के पिता को गले लगाकर रोए डीएसपी

DSP Consoles Grieving Father: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की वजह से एक ही परिवार के 4 लोगों की जान चली गई थी. मंगलवार की शाम जब चारों बच्चों का शव गांव पहुंचा, तो वहां मातम पसर गया. इस दौरान का एक भावुक कर देने वाला वीडियो सामने आया है. जिसमें बच्चों के पिता से DSP गले लगाकर ढांढस बंधाते हुए नजर आ रहे हैं. इस दौरान पिता बदहवास होकर रोते हुए बोले कि मेरा सब कुछ चला गया. अब जीकर ही क्या करूंगा?

दरअसल, यह घटना कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के मीरपुर का है. जहां गया प्रसाद साहू के 4 बच्चे पटाखा फैक्ट्री में काल के गाल समा गए. मंगलवार की शाम जब चारों बच्चों के शव का पोस्टमार्टम कराकर गांव लाया गया, तो पूरे गांव में चीख पुकार मच गई. मृतकों की पहचान 10 वर्षीय आदित्य, 2 वर्षीय रवि, 2 वर्षीय अमित और 15 वर्षीय जाह्नवी के रूप में हुई है.

DSP ने पिता को गले लगाया

जब शव को गांव लाया गया तो बच्चों के पिता बदहवास हालत में रोते नजर आए. जिन्हें ढांढस बंधाने के लिए सिराथू DSP ने गले लगाया और उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया. इस दौरान डीएसपी ने उन्हें तख्त पर बैठाते हुए गालों पर हाथ रखा और अंतिम संस्कार कराने की अपील की.

डीएसपी की समझाइश के बाद माने परिजन

बता दें, 4 बच्चों की मौत के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार नहीं कराया और प्रशासन पर पर्याप्त मुआवजा नहीं देने का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतर आए. काफी देर तक यह हंगामा चलता रहा. इस दौरान डीएसपी सत्येंद्र तिवारी आगे आए और पिता को समझाकर अंतिम संस्कार के लिए राजी किया.

ये भी पढ़ेंः कौन हैं रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा? बने राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO

32 लाख रुपए दिया मुआवजा

इसके साथ ही आज बुधवार को गया प्रसाद के परिवार को 32 लाख रुपए का चेक भी सौंपा गया है. परिजन भी 4 बच्चों की मौत के बाद लगातार मुआवजे की मांग कर रहे थे. फिलहाल, अब चारों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है.

Exit mobile version