SSP अविनाश पांडेय को थप्पड़ विवाद पड़ गया भारी? योगी सरकार ने रातों-रात कर दिया ट्रांसफर
अविनाश पांडेय
SSP Avinash Pandey Transfer: उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए ललिता हत्याकांड मामले में कुछ लोग पिछले महीने यानी जुलाई में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान SSP अविनाश पांडेय ने प्रदर्शनकारियों के साथ ही मारपीट कर दी. कई लोगों को थप्पड़ मारे गए. इसके बाद से ही उनका विरोध चल रहा था. अब प्रदेश सरकार ने भी उनके खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए उनकी मेरठ से विदाई कर दी है.
अविनाश पांडे को मेरठ से हटाकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुख्यालय, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक (एसपी) पद पर संबद्ध कर दिया गया है. इसके अलावा केके बिश्नोई को संभल से टांसफर कर बिजनौर भेज दिया गया है. यह फेरबदल यूपी सरकार ने आधी रात को किया.
सरकार ने किए 9 IPS अधिकारियों के तबादले
अधिकारियों के इस ट्रांसफर के पीछे की वजह प्रदेश भर में हुआ विरोध माना जा रहा है. जनता सरकार से सवाल पूछ रही थी कि ऐसे अधिकारियों को कैसे लगातार जगह मिल रही है. यही वजह रही कि सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है. योगी आदित्यनाथ सरकार ने 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं. इसमें सबसे बड़ा नाम मेरठ एसएसपी अविनाश पांडे का है.
अविनाश पांडे कई कारणों से चर्चा में रहे
अविनाश पांडे को लेकर ऐसा कहा जाता है कि वह जहां भी रहे हैं. वहां उनके साथ कोई न कोई विवाद साथ ही रहा है. हाल का विवाद एक प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन में घुसकर एक प्रदर्शनकारी पर थप्पड़ मारना रहा है. एसएसपी पीलीभीत के पूरनपुर इलाके में खालिस्तानी आतंकियों के एनकाउंटर को लेकर भी चर्चा में रहे हैं. यही वजह रही कि उन्हें दो बार डीजीपी प्रशंसा चिह्न से सम्मानित किया जा चुका है.
अविनाश 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. वह इस समय मेरठ एसएसपी के पद पर काम कर रहे थे. उन्हें ट्रांसफर कर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक पद पर संबद्ध किया गया है. इस फैसले के बाद सरकार ने यह साबित करने की कोशिश की है कि सरकार से बड़ा कोई भी नहीं है.
ये भी पढ़ें: जयपुर में CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका के साथ मारपीट, ग्रामीणों ने गाड़ियों पर किया पथराव