UP Politics: उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने डिप्टी सीएम बनने की इच्छा जताई है. जब उनसे पूछा गया कि 2027 विधानसभा चुनाव में अगर एनडीए जीतती है, तो आपको उपमुख्यमंत्री पद दिया जाएगा? इस दौरान उन्होंने जवाब देते हुए कहा, उप मुख्यमंत्री बनाएंगे तो बनेंगे, कौन छोड़ता है. हर पार्टी के समर्थकों की इच्छा होती है कि उनके नेता आगे जाएं. इस दौरान मंत्री राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा.
दरअसल, मंत्री राजभर गुरुवार को बलिया पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने सपा को घेरते हुए कहा, रामपुर के जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर की कार्रवाई सपा की देन है. यह यूनिवर्सिटी सपा के ही शासनकाल में बनी. अगर सरकारी जमीन पर यूनिवर्सिटी बनी तो खतौनी में यूनिवर्सिटी का नाम दर्ज कराना चाहिये था ना, लेकिन उन्होंने नहीं किया. यह सब सपा की चाल है.
सपा को जमकर घेरा
मंत्री ने कहा कि, सपा सरकार जानती थी कि अगर आगे चलकर हमारी बात नहीं मानेंगे तो इनको फंसायेंगे. क्योंकि यह यूनिवर्सिटी सपा की सरकार में ही सरकारी जमीन पर बनी. इस दौरान राजभर ने यूपी के एक मौलाना के बयान को लेकर कहा, अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उनकी तुलना भगवान कृष्ण से कर दिए और मौलाना कह रहा है कि वो 5 बार का नमाज पढ़े हैं और 5 बार के नमाजी थे.
ये भी पढ़ेंः आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर की तैयारी क्यों? क्या है पूरा मामला
मौलाना के ऊपर अखिलेश को मुकदमा दर्ज कराना चाहिए
इस दौरान मंत्री ने अखिलेश यादव को लेकर कहा, मौलाना कहता है कि कृष्ण भगवान 5 टाइम के नमाजी थे. वहीं अखिलेश जी कहते है कि हम यदुवंशी है, कृष्ण के वंशज हैं. जब वो (कृष्ण) नमाज पढ़ते है तो ये (अखिलेश यादव) भी पढ़ते होंगे. इस मामले को लेकर मौलाना के ऊपर अखिलेश यादव को मुकदमा दर्ज कराना चाहिए, क्योंकि अखिलेश यादव सनातनी हैं, न की नमाजी.
