मुजफ्फरनगर में जन्माष्टमी की रात खौफनाक वारदात, नाबालिग से अपहरण के बाद दुष्कर्म
फाइल फोटो
Muzaffarnagar Case: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में जन्माष्टमी की रात एक 14 साल नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना छपार थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. इसके साथ ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
जानकारी के मुताबिक, 4 सितंबर की रात किशोरी घर से मंदिर जाने के लिए निकली थी. आरोप है कि रास्ते में गांव के ही तीन युवकों ने उसे जबरन रोक लिया और अपने साथ ले गए. परिजनों का आरोप है कि आरोपी किशोरी को गांव में ही एक युवक के घर लेकर पहुंचे. वहां एक कमरे में आरोपी ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया.
गांव में लड़की को तलाशते रहे परिजन
इधर, काफी देर तक किशोरी के घर वापस नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी. परिजन गांव में अलग-अलग जगहों पर उसे खोजते रहे. तलाश के दौरान किशोरी आरोपी युवक के घर पर मिली. बताया जा रहा है कि वह घबराई हुई हालत में थी. इसके बाद परिजन उसे अपने साथ लेकर थाने पहुंचे. पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दी.
शिकायत के बाद पुलिस ने लिया एक्शन
शिकायत मिलने के बाद छपार थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने मुख्य आरोपी के रूप में बताए जा रहे समीर को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.पुलिस अन्य आरोपियों वलीन और सलमान की तलाश कर रही है.
स्वामी यशवीर महाराज ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना सामने आने के बाद योग साधना आश्रम के महंत स्वामी यशवीर महाराज ने भी प्रतिक्रिया दी है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर के साथ उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की मांग भी की है.
ये भी पढ़ें:मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब का कहर! 10 मौतों के बाद CM मोहन का एक्शन, सभी दुकानें सील