अयोध्या में सोने से मढ़ी रामचरितमानस को लेकर बवाल, गायब होने के दावे पर ट्रस्ट का पलटवार
राम मंदिर
Ram Mandir Ramcharitmanas: अयोध्या के राम मंदिर में कथित चंदा चोरी को लेकर कई तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं. इस बार वजह मंदिर से स्वर्ण जड़ित रामचरितमानस के कथित रूप से गायब होने का दावा है.पूर्व केंद्रीय गृह सचिव रहे माधव गोडबोले ने आरोप लगाया है कि राम मंदिर के लिए तैयार कराई गई सोने से मढ़ी रामचरितमानस अब अपने तय स्थान पर नहीं है. उनके इस दावे के सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है.
गोडबोले का कहना है कि रामचरितमानस की यह विशेष प्रति मंदिर परिसर के लिए तैयार की गई थी, लेकिन अब उसका कोई पता नहीं चल रहा है. उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सच्चाई सामने लाने की मांग की है. उनका कहना है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस विषय पर पारदर्शिता बेहद जरूरी है.
आरोपों पर ट्रस्ट का जवाब
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है. ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि स्वर्ण जड़ित रामचरितमानस के गायब होने जैसी बातें पूरी तरह भ्रामक हैं. उनके मुताबिक जिस रामचरितमानस का जिक्र किया जा रहा है, वह सुरक्षित है और किसी तरह की चोरी या गुम होने की घटना नहीं हुई है.
ट्रस्ट का कहना है कि कुछ लोग बिना तथ्यों के भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.
राजनीतिक बयानबाजी शुरू
इस बीच मामला सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है. विपक्ष ने आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है, जबकि ट्रस्ट अपने रुख पर कायम है कि किसी भी तरह की अनियमितता नहीं हुई है.