सपा सांसद प्रिया सरोज पहुंचीं थाने, AI तस्वीरों को लेकर बीजेपी नेताओं पर कराया केस दर्ज
प्रिया सरोज
Priya Saroj: समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया पर उनकी कथित एआई से तैयार की गई फर्जी तस्वीरें वायरल किए जाने के मामले में बड़ा कदम उठाया है. सांसद ने जौनपुर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए भाजपा से जुड़े एक नेता और एक अधिवक्ता पर उनकी छवि खराब करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है.
प्रिया सरोज से जुड़ा यह पूरा मामला तब चर्चा में आया जब सोशल मीडिया पर कुछ मॉर्फ्ड तस्वीरें तेजी से फैलने लगीं. इन तस्वीरों के साथ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी साझा की गई.
सांसद प्रिया सरोज का आरोप है कि यह पूरा अभियान उन्हें राजनीतिक और सामाजिक रूप से बदनाम करने के इरादे से चलाया गया है. उन्होंने शिकायत में बीजेपी नेता आमोद सिंह और अधिवक्ता विशाल सिंह का नाम लेते हुए कहा कि दोनों ने झूठी और भ्रामक सामग्री फैलाने में भूमिका निभाई.
सांसद प्रिया सरोज ने क्या कहा?
सांसद ने सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को उठाया और कहा कि महिलाओं के खिलाफ एआई आधारित साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं. उन्होंने इसे सुनियोजित बदनाम करने की कोशिश बताते हुए दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. शिकायत के साथ कथित पोस्टों के स्क्रीनशॉट और सोशल मीडिया लिंक भी पुलिस को सौंपे गए हैं.
पुलिस ने दर्ज की शिकायत
जौनपुर साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तस्वीरें किस माध्यम से बनाई गईं, उन्हें वायरल करने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे. वहीं, आरोपी पक्ष की तरफ से यह कहा गया कि संबंधित पोस्ट हटाई जा चुकी है.
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब देशभर में एआई तकनीक के दुरुपयोग को लेकर बहस तेज हो गई है. अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है.
ये भी पढ़ें: प्रतीक ने किसके खिलाफ दर्ज कराया था रंगदारी का केस? कौन मैनेज करेगा यादव परिवार का पूरा बिजनेस