Vistaar NEWS

अखिलेश यादव रिसेप्शन में दे रहे थे बधाई, उधर मंत्री विधायक की जेब से उड़ गए 27,500 रुपये

Ikram Qureshi

हाजी इकराम कुरैशी

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल में समाजवादी पार्टी के एक बड़े समारोह में ऐसा वाकया हो गया, जिसने शादी की खुशियों के बीच अलग ही चर्चा छेड़ दी. मौका था सपा के राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे की रिसेप्शन पार्टी का. कार्यक्रम में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई मेहमान पहुंचे थे. लेकिन, इस समारोह में एक पूर्व विधायक को ऐसा झटका लगा कि उनका सारा ध्यान शादी की रौनक से हटकर अपनी जेब पर चला गया. आरोप है कि जेबकतरे उनकी जेब से 27,500 रुपये निकालकर चंपत हो गए.

दरअसल, संभल में आयोजित इस रिसेप्शन पार्टी में पूर्व मंत्री और मुरादाबाद के कांग्रेस नेता हाजी इकराम कुरैशी भी शामिल होने पहुंचे थे. समारोह में अखिलेश यादव की मौजूदगी के चलते नेताओं और मेहमानों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी थी. इसी भीड़ का फायदा उठाकर किसी शातिर ने कथित तौर पर पूर्व विधायक की दोनों जेबों पर हाथ साफ कर दिया.

हाजी इकराम कुरैशी के मुताबिक, उनकी एक जेब में 25 हजार रुपये नकद रखे थे, जबकि दूसरी जेब में ढाई हजार रुपये का एक लिफाफा था. जब उन्होंने अपनी जेबें देखीं तो दोनों खाली मिलीं. इस तरह कुल 27,500 रुपये गायब हो गए. अब समारोह में कौन किससे मिला और किसने किसे बधाई दी, इन सबसे ज्यादा चर्चा जेब कटने की होने लगी.

पत्रकारों के सवाल पर बिगड़ा पूर्व विधायक का मूड

इस घटना के बाद जब पत्रकारों ने हाजी इकराम कुरैशी से बातचीत की तो उन्होंने जेब कटने की पूरी बात बताई. लेकिन, जब उनसे पूछा गया कि रिसेप्शन में कौन-कौन से बड़े नेता पहुंचे हैं, तो उनका पारा चढ़ गया.

उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कौन-कौन आया है. उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘मेरी यहां पर मत खराब हो रही है और तुम मुझसे उल्टे-सीधे सवाल पूछ रहे हो. मुझे क्या पता कौन-कौन नेता आए हैं, इस बारे में तो तुम्हें पता होगा.’

Exit mobile version