राम मंदिर में दान चोरी का मामला, योगी सरकार ने गठित की SIT; 15 दिन में सौंपेगी रिपोर्ट
अयोध्या का राम मंदिर.
UP News: राम मंदिर में दान चोरी के मामले में योगी सरकार ने स्पेशल जांच समिति(SIT) का गठन कर दिया है. टीम 15 दिनों के अंदर पूरे मामले में रिपोर्ट सौंपेगी. इसके पहले श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सीएम योगी से एसआईटी की मांग की थी. जिसे सीएम योगी ने मान लिया है. ट्रस्ट ने कहा था कि एसआईटी गठित होने के बाद सच सबके सामने आ जाएगा.
2 IAS समेत 3 सदस्यीय टीम करेगी जांच
राम मंदिर में दान चोरी के लिए शासन की तरफ से तीन सदस्यी टीम का गठन किया गया है. इसमें लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, आईजी रेंज किरन एस और विशेष सचिव वित्त नील रतन शामिल हैं. तीन सदस्यीय टीम 7 दिन में अंतरिम और 15 दिन में फाइनल रिपोर्ट सौंपेगी. जांच के दौरान टीम दान, दान की सुरक्षा और मैनेजमेंट को लेकर तमाम पहलुओं पर जांच करेगी.
दान चोरी का मामला तूल पकड़ रहा है
राम मंदिर में दान चोरी मामला पिछले कई दिनों से चर्चा का विषय बना हुआ है. इसको लेकर सियासी बयानबाजी भी की जा रही है. ऐसे में ट्रस्ट ने शनिवार को सीएम योगी को पत्र लिखकर एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी. इसके पहले रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने आंतरिक जांच और ऑडिट करने की बात कही थी. ट्रस्ट ने सीएम योगी को लिखे पत्र में बताया था कि दान का एक-एक पैसे का हिसाब है. भ्रम और प्रोपगेंडा के तहत ये स्थिति बनाई गई है. एसआईटी जांच के बाद साजिश रचने वालों का पर्दाफाश हो जाएगा.
आरोप है कि राम मंदिर में आने वाले करोड़ों के दान की चोरी की गई है. राम मंदिर हिंदुओं की आस्था के सबसे केंद्रों में से एक है. ऐसे में एसआईटी गठित होने से अब उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही राम मंदिर में दान चोरी के मामले में सच्चाई सामने आ जाएगी.
ये भी पढे़ं: AI की मदद से वर्दी पहनकर पुलिस अधिकारी बना युवक, UP में रील बनाकर भौकाल दिखाया; वीडियो वायरल होने पर गिरफ्तार