यूपी ATS का बड़ा एक्शन! पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के गुर्गे गिरफ्तार, हैंड ग्रेनेड-पिस्टल से हमले की रची जा रही थी साजिश

UP ATS Action: यूपी एटीएस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया है, ये दोनों ही युवक पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे. इसके साथ ही यह यूपी में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे.
यूपी एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए युवक

यूपी एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए युवक

UP ATS Action: उत्तर प्रदेश एटीएस ने नोएडा से दो युवकों को गिरफ्तार कर कथित आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान बागपत निवासी तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्लाह और दिल्ली निवासी समीर खान के रूप में हुई है.जांच एजेंसियों के अनुसार दोनों पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आईएसआई नेटवर्क के संपर्क में थे.

एटीएस का दावा है कि आरोपियों को उत्तर प्रदेश में चर्चित और प्रभावशाली लोगों को निशाना बनाने का टास्क दिया गया था.इसके लिए हैंड ग्रेनेड और पिस्टल जैसे हथियारों के इस्तेमाल की योजना बनाई गई थी.एजेंसियों का कहना है कि इस साजिश का मकसद प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव फैलाना था.

पुलिस जांच में क्‍या-क्‍या आया सामने?

शुरूआती जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए दोनों युवकों को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ा गया.पाकिस्तानी हैंडलर्स ने इन्हें संवेदनशील स्थानों की रेकी करने और संभावित टारगेट की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए थे.पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, कारतूस और चाकू बरामद किए हैं.

सोशल मीडिया से फंस रहे थे लोग

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश के मुताबिक, विदेशी हैंडलर्स भारतीय युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए अपने जाल में फंसा रहे थे.तुषार ने कई फर्जी आईडी बनाकर सीधे संपर्क साधा था.जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों को काम पूरा होने के बाद विदेश भेजने का लालच दिया गया था.

पुल‍िस ने कई मामलों में दर्ज किया मामला

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि तुषार को टारगेट किलिंग के बदले 3 लाख रुपये देने का वादा किया गया था, जिसमें कुछ रकम एडवांस देने की बात कही गई थी.वहीं समीर खान को नए युवकों को जोड़ने और प्रचार सामग्री फैलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.

एटीएस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क, संभावित साथियों और हथियार सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है.मामले में यूएपीए समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है. 

ये भी पढ़ें: Ganga Expressway: एआई से बिना रुके कट जाएगा टोल, कैसा है 594KM लंबा गंगा एक्सप्रेसवे, 29 अप्रैल को PM मोदी करेंगे उद्घाटन

ज़रूर पढ़ें