Lucknow: 15 बच्चों की मौत वाले कोचिंग पर चला बुलडोजर, 32 दिन बाद अवैध इमारत पर LDA की बड़ी कार्रवाई
LDA की कार्रवाई
Lucknow: राजधानी लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत हो गई थी. इस घटना के 32 दिन बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA)की तरफ से बड़ी कार्रवाई की गई है.सुबह करीब 7:30 बजे एलडीए के 45 अधिकारी और कर्मचारी तीन बुलडोजर व एक हाइड्रोलिक मशीन के साथ मौके पर पहुंचे और हादसे वाली बिल्डिंग को जमींदोज कर दिया.
100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
इस कार्रवाई के दौरान आसपास की सड़कों पर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था के लिए 100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए. एलडीए के अनुसार बिल्डिंग को पूरी तरह से जमींदोज करने में पूरे दिन का समय लग सकता है. हालांकि एलडीए की इस कार्यवाई के दौरान भवन मालिक वीरेंद्र शुक्ला और अधिवक्ता राजेंद्र शुक्ला मौके पर पहुंचे.
मालिक और अधिवक्ता ने जताई आपत्ति
उन्होंने एलडीए की इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि एलडीए ने 25 जुलाई तक का समय दिया था, लेकिन उसी दिन बिना अलग ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए कार्रवाई शुरू कर दी गई. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई को अदालत में चुनौती दी जाएगी.
15 बच्चों की हो गई थी मौत
गौरतलब है कि 22 जून को इस इमारत की दूसरी मंजिल पर संचालित एनिमेशन कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से 15 लोगों की जलकर मौत हो गई थी. हादसे में पांच लोगों ने पाइप और तारों के सहारे नीचे उतरकर जान बचाई थी, जबकि एक युवक दूसरी मंजिल से कूद गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
ये भी पढ़ें: पीयूष गोयल के नाम से वायरल वीडियो निकला फर्जी, AI से तैयार क्लिप पर सरकार ने किया अलर्ट