Vistaar NEWS

यूपी 2027 में ठाकुर वोटों की नई जंग… राजा भैया का चुनावी दांव, धनंजय सिंह की एंट्री से सियासी हलचल

up politics (

राजा भैया और धनंजय स‍िंह

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो चली है. कई राजनीतिक दलों की तरफ से उम्मीदवारों के नाम का ऐलान भी कर द‍िया गया है.  इनमें जनसत्ता दल लोकतांत्रिक भी शामिल है. राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने 3 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं. राजा भैया ने इस बार  विश्वनाथगंज सीट से कुलदीप पटेल को पार्टी ने प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है. जिससे साफ हो गया कि अनुप्रिया पटेल से चल रही अदावत अभी खत्म नहीं हुई है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यूपी में ठाकुर वोटों की भी जंग देखने को मिलेगी? राजा भैया के बाद अभी धनंजय सिंह आगे क्या फैसला लेते हैं इस पर हर किसी की निगाहें टिकी हुई है.

राजा भैया ने खुद कुंडा से चुनाव लड़ेंगे, जबकि उनके करीबी विनोद सरोज को बाबागंज से उम्मीदवार बनाया गया है. इसके अलावा विश्वनाथगंज सीट से कुलदीप पटेल को पार्टी ने प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है. विश्वनाथगंज से उम्मीदवार उतारने का फैसला एनडीए में उनकी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.  

तीसरा उम्मीदवार उतारने के पीछे की वजह?

राजा भैया ने विश्वनाथगंज सीट से उम्मीदवार घोषित किया है. वहां से फिलहाल एनडीए की सहयोगी अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपना दल से विधायक हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब राजा भैया एनडीए के सहयोगी के तौर पर देखे जा रहे हैं तो उन्‍होंने अपने ही सहयोगी के खिलाफ उम्मीदवार क्यों उतारा है. कई राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस फैसले के जरिए राजा भैया अपनी पार्टी का विस्तार कर रहे हैं तो कई लोगों का मानना है कि इस फैसले की वजह अनुप्रिया पटेल से पुरानी अदावत है.

अनुप्रिया पटेल ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान राजा भैया पर सीधे तौर पर हमला बोला था.  अब राजा भैया ने उनकी पार्टी के कब्जे वाली विश्वनाथगंज सीट पर उम्मीदवार उतारकर सहयोगी दल को चुनौती दे दी है. जिससे साफ हो गया कि राजा भैया अभी अपनी पुरानी अदावत भूले नहीं हैं. उन्‍होंने अनुप्रिया को भी मैदान में ही चुनौती देने का फैसला कर लिया है. एक वजह यह भी है कि ठाकुर वोटों को बीजेपी का माना जाता है. यही वजह है कि राजा भैया ने इस सीट पर उम्मीदवार उतार कर यह साबित कर द‍िया कि किसी भी हाल में यूपी में ठाकुर वोटों को भुलाया नहीं जा सकता है.

बीजेपी की टेंशन बढ़ाएगा धनंजय सिंह का ऐलान?

पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने मल्हनी सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. पूर्वांचल में उनकी मजबूत पकड़ बीजेपी का गणित बिगाड़ सकती है. लोकसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह का समर्थन किया था, लेकिन अब खुद मैदान में उतरने की तैयारी ने नए सियासी समीकरण बना दिए हैं. इससे साफ है कि आने वाले द‍िनों में स‍ियासी पारा हाई हो सकता है.

कुंडा की कथा में जुटे ठाकुर दिग्गज

राजा भैया के कुंडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा धार्मिक आयोजन से ज्यादा सियासी जमावड़े के कारण चर्चा में रही. यहां धनंजय सिंह, बृजेश सिंह, बृजभूषण शरण सिंह, अभय सिंह और रविंद्र सिंह भाटी जैसे कई बड़े चेहरे एक मंच पर दिखे. इसे ठाकुर नेताओं की एकजुटता और ताकत दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा गया. इस कथा के बाद ही राजा भैया ने अपने उम्‍मीदवारों के नाम का ऐलान किया है.

ठाकुर राजनीति से बदलेगा यूपी का चुनावी गणित?

राजा भैया का उम्मीदवार उतारना और धनंजय सिंह का निर्दलीय चुनाव लड़ना बीजेपी के लिए नई चुनौती बन सकता है. अगर ठाकुर वोटों का नया ध्रुवीकरण हुआ तो ब्राह्मण और ओबीसी समीकरणों पर भी असर पड़ सकता है. हालांकि, मंच पर साथ दिखने वाले नेता चुनाव में भी साथ रहेंगे या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा. फिलहाल 2027 से पहले यूपी की सियासत में ठाकुर राजनीति ने हलचल बढ़ा दी है.

Exit mobile version