‘मुझे नहीं चाह‍िए मुस्‍ल‍िम वोट…’, यूपी चुनाव से पहले रघुराज सिंह के बयान ने बढ़ाई सियासी गर्मी

Raghuraj Singh Aligarh Statement: यूपी चुनाव से पहले राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह का बयान इन दिनों सुर्खियों में हैं. उन्‍होंने साफ तौर पर कहा कि उन्हें मुस्‍लि‍म लोगों का वोट नहीं चाहिए.
राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह

राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह

Raghuraj Singh Aligarh Statement: उत्तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है. वैसे-वैसे सियासी बयानबाजी बढ़ती जा रही है.इन सब के बीच अब प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह के एक बयान ने सियासी माहौल को गरमा दिया है. अलीगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर मुस्लिम वोटों की राजनीति करने का आरोप लगाया है. उन्‍होंने अपनी राजनीतिक विचारधारा को लेकर खुलकर बात की है.

रघुराज सिंह ने कहा कि विपक्ष अगर मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन हासिल करना चाहता है तो वह ऐसा कर सकता है, उन्‍हें उनके वोट नहीं चाहि‍ए, वो चाहें तो ले सकते हैं. उन्‍होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता हिंदुत्व है और उन्‍हीं मतदाताओं पर ही उनकी नजर है.

उन्होंने दावा किया कि हिंदुत्व के मुद्दे पर मिलने वाला समर्थन ही सत्ता तक पहुंचने का आधार बनेगा. उनके इस बयान को यूपी चुनाव की तैयारियों के बीच काफी अहम माना जा रहा है. अब देखना होगा कि उनका यह बयान कितना असर डालता है.

राज्‍य मंत्री ने सपा पर साधा निशाना

राज्यमंत्री ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं की राजनीति मुस्लिम वोटों को फोकस कर रही है. साथ ही अखिलेश यादव पर मुगल और टीपू सुल्तान से जुड़े इतिहास को लेकर भी उन्होंने तीखी टिप्पणी की. उनका आरोप था कि राजनीतिक फायदे के लिए इतिहास को अलग तरीके से पेश करने की कोशिश की जाती है.

चुनाव से पहले बयानबाजी हुई तेज

यूपी में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी, सपा और कांग्रेस समेत सभी दल अपनी रणनीति मजबूत करने में जुटे हैं. ऐसे समय में धर्म, जाति और वोट बैंक से जुड़े बयान चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकते हैं. आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक बहस का हिस्सा बन सकता है.

ये भी पढ़ें:CJP के ऐलान का असर? राजस्थान के सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक, रातों-रात बदल गए सारे नियम

ज़रूर पढ़ें