UP News: बहराइच में कलयुगी पुत्र ने किया नरसंहार, माता-पिता, बहन और दादी के कुल्हाड़ी से कर दिए कई टुकड़े
Bahraich news
UP News: यूपी के बहराइच से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां पर एक कलयुगी बेटे ने होली के मौके पर खूनी तांडव रच दिया. इस सिरफिरे ने अपने माता-पिता, बहन और दादी को कुल्हाड़ी से काट डाला है. जिसमें इन चारों की मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. पूरा मामला बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर उदल ग्राम पंचायत के मजरे रामनगर का है.
पैसे न मिलने पर पागल हो गया युवक
यहां पर जमीन बिक्री की रकम न मिलने पर एक युवक ने अपने ही माता-पिता, बहन और दादी की हत्या कर दी. इस वारदात के दौरान बीच-बचाव के लिए आगे बढ़े भाई पर भी जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना के बाद से ही पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है.
इस वजह से हुआ ता झगड़ा
प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा को दी गई तहरीर के अनुसार, वादी गुरूदेव पुत्र बदलूराम वर्मा ने बताया कि रात करीब 12 बजे उन्हें घर के भीतर से शोर-शराबे और चीखने की आवाज सुनाई दी. जब वह अपने कमरे से बाहर निकले तो देखा कि उनका छोटा भाई निरंकार, पिता द्वारा बेची गई जमीन और गहनों की रकम न दिए जाने को लेकर विवाद कर रहा था.
बढ़ता चला गया विवाद
ये विवाद इतना बढ़ गया कि निरंकार ने क्रोध में आकर कुल्हाड़ी से माता-पिता, दादी और बहन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस हमले में चारों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. गुरूदेव ने जब बीच-बचाव की कोशिश की तो सनकी निरंकार ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी से बार कर दिया. गुरूदेव के अनुसार, जब उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। इस बीच निरंकार ने खुद के सिर पर ईंट से कई बार प्रहार कर खुद को भी घायल कर लिया.
डॉक्टरों ने मृत कर दिया घोषित
ग्रामीणों की सूचना पर रूपईडीहा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. गंभीर रूप से घायल सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई, लेकिन चिकित्सकों ने बदलू राम पुत्र राम फेरन संजू देवी पत्नी बदलू राम, पार्वती पुत्री पतलू राम और सिताला पत्नी राम फेरन को मृत घोषित कर दिया.