समाजवादी पार्टी का दामन थामने वाले हैं बृजभूषण शरण सिंह? चर्चाओं को लेकर बेटे प्रतीक ने क्या कहा
बृजभूषण शरण सिंह, अखिलेश यादव, प्रतीक भूषण
UP Political News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह चर्चा में हैं. इसके पीछे का कारण भी साफ है राजनीतिक गलियारों में इस तरह की अटकलें हैं कि बृजभूषण शरण सिंह अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर सकते हैं. कहा ये भी जा रहा है कि यह सब साल 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए हो रहा है. इन सब चर्चाओं के बच अब बीजेपी विधायक और बृजभूषण शरण सिंह के बेटे प्रतीक भूषण का बयान भी सामने आ गया है.
प्रतीक भूषण सिंह ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह का सपा में जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता है. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि परिवार की राजनीतिक विचारधारा हमेशा से बीजेपी के साथ रही है और आगे भी यही रुख बरकरार रहेगा. उनके मुताबिक, विरोधी दल सिर्फ भ्रम फैलाने के लिए ऐसी बातें उछाल रहे हैं.
विधानसभा चुनाव से पहले बन रहे कई गठजोड़
दरअसल, हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं. लोकसभा चुनाव के बाद विभिन्न दलों के बीच नए गठजोड़ और नेताओं के दल बदलने की चर्चाएं तेज हुई हैं. ऐसे माहौल में बृजभूषण शरण सिंह को लेकर भी तरह-तरह की अटकलें सामने आईं, जिन्हें अब उनके बेटे और भाजपा विधायक ने सिरे से नकार दिया है.
बृजभूषण शरण सिंह को लेकर चर्चा क्यों?
बृजभूषण शरण सिंह लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रभावशाली चेहरा रहे हैं. उनका नाम कई बार विवादों में भी आया, लेकिन क्षेत्रीय स्तर पर उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है. यही वजह है कि उनके किसी भी संभावित राजनीतिक कदम पर नजरें टिकी रहती हैं.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए इस तरह की खबरें और बयानबाजी बढ़ना स्वाभाविक है. हालांकि, फिलहाल बीजेपी विधायक के बयान के बाद यह साफ हो गया है कि बृजभूषण के सपा में जाने की चर्चा महज अटकल ही है.अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है और क्या ये अटकलें पूरी तरह शांत होती हैं या फिर नया मोड़ लेती हैं.
ये भी पढ़ें: ‘काउंटिंग में कौन शामिल होगा? यह राजनीतिक दल तय नहीं करेंगे…’, पर्यवेक्षक मामले पर SC से TMC को झटका