UP के इस पूर्व ARTO के घर पर विजिलेंस को मिला सोना ही सोना, 9 किलो चांदी के साथ 1.62 करोड़ नकद बरामद

Agra ARTO Lalit Kumar: आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस की छापेमारी के दौरान पूर्व ARTO ललित कुमार के घर से करोड़ों रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ. जांच एजेंसियां अब उनकी चल-अचल संपत्तियों और निवेश के स्रोतों की पड़ताल कर रही हैं.
Agra ARTO Lalit Kumar

Agra ARTO Lalit Kumar: उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच विजिलेंस विभाग ने आगरा में तैनात रहे पूर्व सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के आवास पर बड़ी छापेमारी की. आय से अधिक संपत्ति के मामले में हुई इस कार्रवाई में अधिकारियों को भारी मात्रा में नकदी, सोना और संपत्ति से जुड़े अहम दस्तावेज मिले हैं. शुरुआती जांच में सामने आई बरामदगी ने जांच एजेंसियों को भी चौंका दिया है.

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार तलाशी के दौरान करीब 13 किलोग्राम सोना और 1.62 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए. इसके अलावा चांदी, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड भी मिले हैं.

जांच में लखनऊ, नोएडा समेत कई शहरों में जमीन और अन्य अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिलने की बात भी सामने आई है. इसके अलावा दो लग्जरी कारों का भी पता चला है, जिनकी खरीद और भुगतान के स्रोत की जांच की जा रही है.

छापेमारी में हुआ अकूत सम्पति‍ का खुलासा

विजिलेंस लंबे समय से ललित कुमार की आय और संपत्ति का मिलान कर रही थी. प्राथमिक जांच में उनकी घोषित आय और वास्तविक संपत्ति के बीच बड़ा अंतर मिलने के बाद अदालत से अनुमति लेकर छापेमारी की गई. अब बरामद नकदी, आभूषण और संपत्तियों के दस्तावेजों का वित्तीय विश्लेषण किया जाएगा. ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये संपत्तियां किस माध्यम से अर्जित की गईं.

विजिलेंस की जांच अभी भी जारी

जांच एजेंसियां बैंक खातों, निवेश, बेनामी संपत्तियों और अन्य वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल कर रही हैं. यदि जांच में आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं तो मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. विजिलेंस का कहना है कि जांच अभी जारी है और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद कई नए खुलासे हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें:NDA के करीब आ रहे शरद पवार? जयंत पाटिल-विनोद तावड़े की मुलाकात से महाराष्ट्र से तेज हुई हलचल

ज़रूर पढ़ें