आगरा में शादी के 6 महीने बाद कारोबारी ने दी जान, सुसाइड नोट से मचा हड़कंप
जूता व्यापारी ने किया सुसाइड
AGRA NEWS: उत्तर प्रदेश के आगरा में जूते के कारोबार से जुड़े एक युवक की आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. महज छह महीने पहले शादी के बंधन में बंधे इस कारोबारी ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. घटना के बाद मौके से मिले सुसाइड नोट और कुछ निजी मैसेज ने मामले को और गंभीर बना दिया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, युवक का परिवार लंबे समय से आगरा में जूते के कारोबार से जुड़ा हुआ है. परिजनों का कहना है कि शादी के शुरुआती दिनों के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे थे.
कारोबारी मानसिक तनाव में रहने लगा था और पिछले कुछ समय से काफी परेशान दिखाई दे रहा था. हालांकि उसने अपनी परेशानी के बारे में खुलकर किसी से ज्यादा बात नहीं की थी.
पुलिस को मिला सुसाइड नोट
पुलिस को मौके से मिले सुसाइड नोट में युवक ने अपनी वैवाहिक जिंदगी से जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया है. बताया जा रहा है कि उसने अपने मानसिक तनाव और पारिवारिक विवादों को आत्महत्या का कारण बताया. नोट मिलने के बाद पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट की जांच के साथ-साथ परिवार और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं.
पड़ताल में जुटी पुलिस
परिजन और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं. परिवार का कहना है कि युवक मेहनती था और कारोबार को आगे बढ़ाने में जुटा हुआ था, लेकिन लगातार बढ़ रहे तनाव ने उसे अंदर से तोड़ दिया. फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कारोबारी को आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए किन परिस्थितियों ने मजबूर किया.
ये भी पढ़ें:NEET पेपर लीक पर जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आंदोलन जारी, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज