क्या अखिलेश-राहुल की राहें अलग होने वाली हैं? ओम प्रकाश राजभर ने गठबंधन पर उठाए सवाल

UP News: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने बड़ा दावा किया है. उन्‍होंने कहा कि अब कांग्रेस और सपा में पहले जैसी बात नहीं रही है.
अख‍िलेश यादव और राहुल गांधी

अख‍िलेश यादव और राहुल गांधी

UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो चला है. इन सब के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा दावा किया है. उन्‍होंने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी के बीच पहले जैसी राजनीतिक नजदीकी नहीं रह गई है.तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह दोनों नेताओं के बीच मतभेद की चर्चाएं सामने आ रही हैं, उससे उनकी राजनीतिक जोड़ी के भविष्य पर सवाल उठने लगे हैं.

दरअसल, राजभर ने अखिलेश यादव की आम आदमी पार्टी और उसके नेता संजय सिंह के साथ बढ़ती नजदीकियों को भी निशाने पर लिया. उन्होंने सवाल किया कि अगर समाजवादी पार्टी को कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर पहले ही मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था, तो भविष्य में आम आदमी पार्टी के साथ तालमेल होने पर सीटों का समीकरण कैसे तय होगा.

राजभर ने उठाए सवाल

राजभर ने कांग्रेस नेताओं के बदले हुए रुख का भी जिक्र किया. उन्‍होंने कहा कि अब कांग्रेस के कुछ नेता अखिलेश यादव को राजनीतिक सलाह देते नजर आ रहे हैं. उन्होंने इसे समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच बदलते राजनीतिक रिश्तों से जोड़ते हुए विपक्षी गठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठाया है.

संजय सिंह के साथ अखिलेश यादव की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता पर भी राजभर ने तीखा हमला बोला है. उन्होंने आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी पर भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर आरोप लगाते हुए दोनों दलों की नजदीकियों पर कटाक्ष किया.

चुनाव से पहले तेज हुई जंग

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों के बीच गठबंधन और सीट शेयरिंग को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हैं. ऐसे में ओम प्रकाश राजभर के इस बयान ने एक बार फिर अखिलेश यादव, राहुल गांधी और विपक्षी दलों के संभावित चुनावी समीकरणों को लेकर राजनीतिक बहस छेड़ दी है. हालांकि, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की ओर से राजभर के इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. 

ये भी पढ़ें:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान, राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने किया सम्मानित

ज़रूर पढ़ें