Najia Elahi khan: सुप्रीम कोर्ट की वकील और भारतीय जनता पार्टी की नेता नाजिया इलाही खान ने बताया कि उन्हें एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है. धमकी देने वाले ने उन्हें एक वॉइस नोट, एक सिरकटी लाश की तस्वीर और बंदूक से संबंधित वीडियो भेजा. जिसके बाद से वह काफी डरी हुई हैं. हालांकि इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से कर दी है, जिसके बाद पुलिस जांच करने में जुट गई है.
नाजिया इलाही खान ने बताया कि उन्हें गुरुवार की रात करीब 12:33 बजे पाकिस्तान के नंबर से फोन आया. पाकिस्तानी नंबर होने की वजह से फोन रिसीव नहीं किया, तो उधर से धमकी भरा मैसेज आया. जिसमें एक वॉइस नोट, एक सिरकटी लाश की तस्वीर और बंदूक से संबंधित वीडियो भेजा. इतना ही नहीं, इसमें नाजिया के निजी पतों का भी जिक्र किया गया था. जिसके बाद से वह काफी डर गईं.
धमकी देने वाले ने क्या कहा?
नाजिया ने बताया कि धमकी देने वाले ने कहा कि अपने कान के सुराख को अच्छी तरह से खोलकर सुन ले. तू कहां रहती है? हमें तेरी लोकेशन का पता चल गया है. जल्द ही तुझे जहन्नुम भेजेंगे. यह मैसेज राणा हुसैन उर्फ राणा भाई नाम के अकाउंट से आया, जो अपने आप को पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद राणा का गुर्गा बताया. नाजिया ने इन सभी मैसेज को अपने पास सुरक्षित रख लिया और पुलिस को दिया है.
ये भी पढ़ेंः जमुई-समस्तीपुर और अब किशनगंज में लड़की से बदसलूकी, बिहार में नहीं थम रही बीच सड़क हैवानियत!
सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
फिलहाल, इसकी शिकायत गाजियाबाद और लखनऊ में सीनियर पुलिस अधिकारियों से की गई है. नाजिया ने घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. वहीं, उनके वकील ने इस मामले की जानकारी साइबर सेल और कोलकाता एसटीएफ को दी है. बता दें, नाजिया को इससे पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं. जिसको लेकर पुलिस और एक्टिव हो गई है. नाजिया ने यह भी कहा कि इन धमकियों के पीछे वो लोग हो सकते हैं, जो नहीं चाहते हैं कि यूपी चुनाव में उनकी बातें लोगों तक पहुंचें.
