इजरायल में फंसा सरकार गठन का पेंच! नेतन्याहू और विपक्ष बहुमत से दूर, कैसे बनेगी नई सरकार
बेंजामिन नेतन्याहू और गादी आइसेनकोट
Israel Election Result: इजराइल के आम चुनाव के नतीजे सामने आने वाले चुके हैं. इन परिणामों में किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और विपक्षी नेता गादी आइसेनकोट, दोनों के सामने सरकार बनाने की चुनौती है. इजरायल की संसद में कुल 120 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए कम से कम 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है.
अब तक के आंकड़ों के अनुसार नेतन्याहू के नेतृत्व वाले गठबंधन को करीब 53-54 सीटें मिली हैं. वहीं, आइसेनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को लगभग 48-49 सीटें मिलती दिख रही हैं.इन आंकड़ों के आधार पर कोई भी गठबंधन अपने दम पर बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच रहा है. वहीं 19 सीटों के साथ किंगमेकर बनकर उभरी अरब पार्टियों को दोनों ही लोग साधने में लगे हुए हैं.
छोटी पार्टियों और अरब दलों पर नजर
इस चुनाव में जॉइंट लिस्ट (Joint List) ने अतिरिक्त सीटों के बंटवारे से 19वीं सीट हासिल की . दूसरी ओर, राम (Ra’am) पार्टी करीब 1,200 वोटों से सीट हासिल करने से चूक गई. अरब समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले दलों की सीटें बढ़ने से सरकार बनाने की बातचीत में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो गई.
आइसेनकोट के सामने क्या चुनौती?
आइसेनकोट के लिए सरकार बनाने का एक रास्ता अरब दलों का समर्थन हासिल करना है. ये दल सरकार में शामिल हुए बिना भी बाहर से समर्थन दे सकते हैं. इससे अल्पमत सरकार बनाने का विकल्प खुल सकता है. हालांकि, विपक्ष के कुछ दल अरब पार्टियों के साथ मिलकर सरकार बनाने के पक्ष में नहीं हैं. ऐसे में आइसेनकोट के सामने सहयोगियों को एक साथ लाने की चुनौती है.
नेतन्याहू के सामने भी मुश्किल
नेतन्याहू की लिकुड पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है, लेकिन उसके गठबंधन को बहुमत के लिए जरूरी सीटें नहीं मिली. ऐसे में उन्हें अपने मौजूदा सहयोगियों के अलावा दूसरे दलों का समर्थन जुटाना होगा. इस बीच, यरुशलम में नेतन्याहू के आवास के पास प्रदर्शन भी हुए. इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने उम्मीद जताई है कि राजनीतिक दल बातचीत के जरिए नई सरकार बनाने का रास्ता निकालेंगे. इसके साथ ही देश को दोबारा चुनाव में जाने से बचाएंगे.
ये भी पढ़ें:इजरायल चुनाव में ट्रंप की एंट्री! नेतन्याहू के समर्थन में उतरे, ईरान को भी दी चेतावनी