क्या तेल की कीमतें अब अमेरिका तय करेगा? ट्रंप का दावा- दुनिया का 68% ऑयल हमारे पास
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप(File Photo)
Donald Trump: संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक बयान देते हुए कहा कि अमेरिका और वेनेजुएला मिलकर दुनिया के कुल तेल भंडार का लगभग 68 प्रतिशत हिस्सा रखते हैं. वॉशिंगटन में आयोजित 74वें नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट के दौरान अपने संबोधन में ट्रंप ने यह दावा किया. उन्होंने कहा कि जनवरी में अमेरिका ने वेनेजुएला पर नियंत्रण स्थापित किया और अब वहां की तेल संपदा का इस्तेमाल किया जाएगा.
वेनेजुएला गंभीर संकट से गुजर रहा – ट्रंप
ट्रंप ने वेनेजुएला की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि देश गंभीर संकट से गुजर रहा था, लेकिन उसके पास दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार हैं, संभवतः अमेरिका के बाद. उन्होंने दोहराया कि दोनों देश मिलकर वैश्विक तेल भंडार का बड़ा हिस्सा रखते हैं.
जर्जर तेल संरचना को सुधारेगा अमेरिका
ट्रंप ने जनवरी की शुरुआत में हुई एक सैन्य कार्रवाई का भी उल्लेख किया और कहा कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में प्रवेश कर वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिया. उन्होंने इसे एक बड़ी सैन्य कार्रवाई बताते हुए कहा कि अमेरिकी तेल कंपनियां वहां जाएंगी, अरबों डॉलर का निवेश करेंगी, जर्जर हो चुकी तेल संरचना को सुधारेंगी और बड़े पैमाने पर तेल उत्पादन व निर्यात करेंगी.
वेनेजुएला के पास तेल भंडार का 17 प्रतिशत
ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका तब तक वेनेजुएला का संचालन करता रहेगा, जब तक वहां सत्ता परिवर्तन सुरक्षित तरीके से नहीं हो जाता. हालांकि उनके इन दावों और सैन्य कार्रवाई को लेकर कानूनी सवाल उठ रहे हैं और इस मुद्दे पर विवाद जारी है. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अपने तेल कारोबार को और विस्तार देगा और वेनेजुएला के तेल को वैश्विक बाजार में उतारेगा. माना जाता है कि वेनेजुएला के पास दुनिया के कुल तेल भंडार का लगभग 17 प्रतिशत हिस्सा मौजूद है.
ये भी पढे़ं- Washington Post से निकाले गए शशि थरूर के बेटे ईशान, छंटनी में नौकरी जाने पर छलका दर्द