Ratan Tata: मशहूर उद्योगपति रतन टाटा का निधन, CM मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान ने जताया दु:ख

Ratan Tata: रतन टाटा निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई प्रमुख हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है.
CM Mohan Yadav has expressed grief over the demise of Ratan Tata.

सीएम मोहन यादव ने रतन टाटा के निधन पर दुख जताया है.

Ratan Tata: देश और दुनिया के मशहूर उद्योगपति रतन टाटा (Ratan Naval Tata) का निधन हो गया है. 86 वर्षीय रतन टाटा ने बुधवार शाम को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां उन्हें ब्लड प्रेशर में अचानक गिरावट के बाद भर्ती किया गया था. उनकी हालत गंभीर होने के चलते उन्हें आईसीयू में रखा गया था. उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई प्रमुख हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है.

CM मोहन यादव ने व्यक्त किया शोक

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सोशल मीडिया पर गहरा दुख जताते हुए कहा, “रतन टाटा जी का निधन न केवल उद्योग जगत के लिए, बल्कि सभी भारतीयों के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उनके जीवन ने हमें बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी. उनका जीवन एक विश्वविद्यालय के समान था.”

उन्होंने रतन टाटा की संवेदनशीलता का जिक्र करते हुए कहा कि वे इतने संवेदनशील थे कि गरीबों के लिए भी किफायती कार बनाने की सोच रखी. प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी इस सोच को साकार करते हुए नैनो कार के प्रोजेक्ट के लिए भूमि उपलब्ध कराई थी.

शिवराज सिंह ने X पर लिखा- मां भारती ने महान सपूत खो दिया

मशहूर कारोबारी रतन टाटा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “आज मां भारती ने रतन टाटा जी के रूप में अपना एक महान सपूत खो दिया है. इस दु:खद समाचार से हृदय द्रवित है, मन उदास है. रतन जी देश के ‘रत्न’ थे.”

उद्योगपति रतन टाटा का मध्य प्रदेश आना कम हुआ है मगर मध्य प्रदेश से उनका गहरा नाता बताया जाता है. मध्य प्रदेश के कई इलाकों में टाटा ने उद्योगों का विस्तार किया है. रतन टाटा, जिन्होंने टाटा समूह का 30 सालों तक नेतृत्व किया, टाटा संस के चेयरमैन और टाटा ट्रस्ट के प्रमुख भी थे. उनके निधन को देश के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है.

ज़रूर पढ़ें