टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के साथ मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान, शहबाज सरकार का बड़ा ऐलान
File Photo
India-Pakistan Match: आगामी टी-20 वर्ल्डकप को लेकर पाकिस्तान की शहबाज सरकार ने बड़ा ऐलान किया है. पाकिस्तान की टीम टी-20 वर्ल्डकप में भारत के साथ मैच नहीं खेलेगी. पाकिस्तान सरकार के ऑफिशियल ट्वीटर हैंडल से इस बात की जानकारी दी गई है.
15 फरवरी को होने वाले मैचे में खेलने से मना किया
भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को मैच होना था. लेकिन अब पाकिस्तान ने इस मैच को खेलने से मना कर दिया है. ये फैसला पाकिस्तान सरकार की तरफ से आया है और इसके लिए कोई वाजिब वजह नहीं बताई गई है. ऐसे में बहुत मुमकिन है कि आईसीसी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से मैच न खेलने की वजह पूछ सकती है. आईसीसी ने पहले ही पाकिस्तान को आगाह किया है कि अगर टूर्नामेंट के बॉयकॉट की हिमाकत की तो कड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं. अब देखना होगा कि पाकिस्तान के भारत के साथ मैच न खेलने के फैसले पर आईसीसी का क्या रुख होता है. सूत्रों के मुताबिक, अभी पीसीबी ने आधिकारिक तौर पर आईसीसी को मैच न खेलने के अपने फैसले से अवगत नहीं कराया है.
ICC के फैसले का इंतजार
पाकिस्तान सरकार के भारत से मैच ना खेलने के फैसले पर अभी तक बीसीसीआई की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. वर्ल्डकप जैसे टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले काफी अहम माने जाते हैं, लेकिन पाकिस्तान के मना करने के बाद अब अचानक से अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई है. पाकिस्तान के फैसले से आईसीसी को फाइनेंशियली लॉस हो सकता है, ऐसे में देखना होगा कि पाक सरकार के फैसले पर आईसीसी क्या एक्शन लेती है.
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद पाकिस्तान ने लिया फैसला
दरअसल टी-20 विश्वकप में बांग्लादेश की टीम ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया था. इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कार्रवाई करते हुए बांग्लादेश की टीम को बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को टीम में शामिल कर लिया था. इसका पाकिस्तान ने विरोध किया था. इसके बाद पाकिस्तान ने विश्व कप का बहिष्कार करने की गीदड़भभकी भी दी थी, लेकिन जब आईसीसी की कार्रवाई के डर से पाकिस्तान की टीम ने कोलंबो का टिकट कटवा दिया.
पाकिस्तान सरकार के भारत के साथ विश्व कप में मैच ना खेलने को लेकर किए ऐलान से पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पीसीबी चीफ मोहनसिन नकवी के बीच मुलाकात हुई थी. इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने ये फैसला लिया है.
ये भी पढें: IND vs PAK U19 WC: भारत ने पाकिस्तान को हराकर वर्ल्ड कप से किया बाहर, सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया