CG News: ‘सरगुजा संभाग की सभी सीटें जीतने के लिए कड़ी मेहनत करें’, CM साय ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारी पार्टी का उद्देश्य सिर्फ सरकार बनना ही नहीं, बल्कि जनता और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में खड़ा रहना भी है.
Chief Minister Vishnudev Sai (File Photo)

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय(File Photo)

CG News: अंबिकापुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज भारतीय जनता पार्टी के नए परिसर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा संभाग से भाजपा को सभी 14 सीट में विधानसभा चुनाव में जीत मिली थी. आने वाले विधानसभा चुनाव में फिर से सभी 14 सीट में जीत मिले, इसके लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी को जनता के बीच सरकार की योजनाओं को लेकर जाने की जरूरत है और कड़ी मेहनत करने की जरूरत है.

‘पार्टी का उद्देश्य जनता और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में खड़े रहना’

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारी पार्टी का उद्देश्य सिर्फ सरकार बनना ही नहीं, बल्कि जनता और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में खड़ा रहना भी है. उन्होंने कहा कि जब भाजपा के सिर्फ दो सदस्य चुनाव जीते थे, तब कांग्रेस के लोग अटल बिहारी वाजपेयी को चिढ़ाते थे. लेकिन अब भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है. नरेंद्र मोदी नए भारत का निर्माण कर रहे हैं. ऐसा भारत जो किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन कोई छेड़ता है तो फिर छोड़ना भी नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि हमें गौरव है कि हम भारतीय जनता पार्टी में है. विधानसभा चुनाव में हमने मोदी गारंटी के तहत जो वादा किया था, उसमें से अधिकांश को पूरा भी किया है.

‘बजट भारत के सुनहरे भविष्य के लिए अच्छा है’

छत्तीसगढ़ में उद्योग नीति बन गई है और इसका लाभ हर किसी तक पहुंचाना है. इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय बजट पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट बेहतरीन है, भारत के सुनहरे भविष्य के लिए यह अच्छा है और स्वास्थ्य पर अधिक फोकस किया गया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का बजट भी पेश होने वाला है. 23 फरवरी से छत्तीसगढ़ का बजट सत्र शुरू होगा. इस बार भी हमारे राज्य का बजट अच्छा होगा और हम इसी बजट के माध्यम से छत्तीसगढ़ को ऊंचाइयों तक ले जाएंगे.

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में हमको सफलता मिली

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हम नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और हमें सफलता भी मिल रही है. 31 मार्च 2026 तक हमारा जो संकल्प है, वह पूरा हो जाएगा इसके साथ ही हमने बस्तर में विकास का गंगा बहाना शुरू कर दिया है.

इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के संगठन मंत्री अजय जामवाल और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के अलावा वित्त मंत्री ओपी चौधरी, पर्यटन मंत्री, राजेश अग्रवाल महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, के अलावा कई विधायक और नेता मौजूद थे.

ये भी पढे़ं: CG News: रेल बजट में छत्तीसगढ़ को 7470 करोड़ रुपये का प्रावधान, अश्विनी वैष्णव बोले- कांग्रेस के समय से 24 गुना ज्यादा

ज़रूर पढ़ें